Patna Crime: पटना में बंद तीन फ्लैटों पर चोरों का धावा, डॉक्टर के घर से 50 लाख के गहने और कैश उड़ाए

Patna Crime: चोरों ने एक अपार्टमेंट के बंद पड़े तीन फ्लैटों को निशाना बनाकर सनसनीखेज चोरी की वारदात को अंजाम दिया।...

तीन फ्लैटों पर चोरों का धावा- फोटो : reporter

Patna Crime: पटना के कदमकुआं थाना क्षेत्र में चोरों ने एक अपार्टमेंट के बंद पड़े तीन फ्लैटों को निशाना बनाकर सनसनीखेज चोरी की वारदात को अंजाम दिया। कांग्रेस मैदान रोड स्थित आंगन अपार्टमेंट में रविवार देर रात हुई चोरी के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। चोरों ने एक डॉक्टर के बंद फ्लैट से करीब 50 लाख रुपये के गहने और 50 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए और फरार हो गए।

बताया जा रहा है कि डॉक्टर का पूरा परिवार घूमने के लिए उज्जैन गया हुआ था। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने अपार्टमेंट में बंद फ्लैटों को निशाना बनाया। परिवार के लौटने के बाद जब फ्लैट खोला गया तो सामान बिखरा मिला और चोरी की जानकारी हुई। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

चोरी की इस वारदात में डॉक्टर के घर से बड़ी मात्रा में जेवरात गायब होने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि डॉक्टर के बेटे की शादी इसी साल फरवरी महीने में हुई थी। आशंका है कि शादी के दौरान रखे गए गहनों में से भी कुछ चोरों के हाथ लगे हैं। हालांकि, चोरी हुए सामान की पूरी सूची और वास्तविक कीमत पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

वारदात की सूचना मिलते ही कदमकुआं थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस को मौके से एक कटर भी मिला है, जिसे चोरों द्वारा ताला या अन्य सामान काटने में इस्तेमाल किए जाने की आशंका है। पुलिस ने मौके से मिले सामान और अन्य साक्ष्यों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस अब अपार्टमेंट और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वारदात में कितने लोग शामिल थे और वे किस रास्ते से अपार्टमेंट में दाखिल हुए तथा चोरी के बाद किस दिशा में फरार हुए।

एक ही अपार्टमेंट में तीन बंद फ्लैटों को निशाना बनाए जाने के बाद पुलिस इस पहलू से भी जांच कर रही है कि क्या चोरों को फ्लैटों के बंद होने की पहले से जानकारी थी। आसपास के संदिग्ध लोगों और हाल के दिनों में इलाके में सक्रिय अपराधियों के बारे में भी पुलिस जानकारी जुटा रही है।फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। चोरी गए गहनों और नकदी का वास्तविक आकलन परिजनों द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली सूची और पुलिस जांच के बाद सामने आएगा।

रिपोर्ट- अनिल कुमार