Bihar Crime: बिहार में वंदे भारत पर हुई पत्थरों की बरसात, शीशा चकनाचूर, खौफ में मुसाफिर

Bihar Crime: पटना से लखनऊ के लिए रवाना हुई वंदे भारत एक्सप्रेस एक संगीन वारदात का निशाना बनते-बनते बच गई।...

वंदे भारत पर हमला- फोटो : social Media

Bihar Crime: पटना से गोमतीनगर (लखनऊ) के लिए रवाना हुई वंदे भारत एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 22345)  एक संगीन वारदात का निशाना बनते-बनते बच गई। रविवार को बिहटा स्टेशन से ट्रेन के आगे बढ़ते ही करीब सुबह 6:22 बजे रेलवे पटरी के किनारे घात लगाए बैठे अज्ञात उपद्रवियों ने ट्रेन पर अचानक पत्थरों की बरसात कर दी। हमलावरों ने ऐसी जगह से वार किया, जहां से गुजरती ट्रेन को निशाना बनाना उनके लिए आसान था।

बताया जा रहा है कि पथराव के दौरान फेंका गया एक भारी पत्थर सीधे वंदे भारत के C6 कोच की खिड़की से जा टकराया। पत्थर की जोरदार टक्कर से खिड़की का कांच धमाके के साथ चकनाचूर हो गया। अचानक हुए इस हमले से कोच के भीतर बैठे यात्रियों में दहशत फैल गई। मुसाफिर कुछ पल के लिए सकते में आ गए और डिब्बे में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

हालांकि गनीमत रही कि इस खतरनाक हमले में किसी यात्री को गंभीर चोट नहीं लगी। लेकिन जिस तरह तेज रफ्तार ट्रेन को निशाना बनाया गया, उससे यह साफ है कि मामला महज शरारत तक सीमित नहीं माना जा सकता। अगर पत्थर खिड़की के भीतर बैठे किसी यात्री को गंभीर रूप से लग जाता, तो हालात बेहद भयावह हो सकते थे।

घटना की सूचना मिलते ही रेलवे महकमे में हड़कंप मच गया। RPF और GRP की टीमें हरकत में आईं और घटनास्थल के आसपास संदिग्ध गतिविधियों की पड़ताल शुरू कर दी। बिहटा स्टेशन तथा आसपास के इलाकों में सुरक्षा बढ़ाते हुए संदिग्ध ठिकानों पर दबिश देने की कार्रवाई शुरू की गई है।

तफ्तीशी टीमों की नजर अब इलाके में लगे CCTV कैमरों पर है। पुलिस फुटेज खंगालकर उन चेहरों की शिनाख्त करने में जुटी है, जिन्होंने कथित तौर पर ट्रेन पर पथराव किया। जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि आरोपी स्थानीय उपद्रवी थे या इसके पीछे कोई सुनियोजित साजिश थी।रेलवे प्रशासन ने राष्ट्रीय संपत्ति और यात्रियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का संकेत दिया है। अब पुलिसिया तफ्तीश का अगला निशाना वे लोग हैं, जिन्होंने पटरियों के किनारे छिपकर इस दुस्साहसिक वारदात को अंजाम देने की कोशिश की। आरोपियों की पहचान होने के बाद उनके खिलाफ कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी।