लूट की योजना बनाते 3 अपराधियों को पुलिस ने हथियार के साथ दबोचा, 2 फरार

Purnia : जिले की पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है।  पुलिस ने लूट की योजना बना रहे अपराधियों को धर दबोचा है। पुलिस ने बनमनखी थाना क्षेत्र में गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की। 


बताया जा रहा है कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बर्फ फैक्ट्री से मखनाहा जाने वाली सड़क पर पुल के पास बाइक सवार कुछ अपराधी लूटपाट की योजना बना रहे हैं। इसी सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक पूर्णिया के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बनमनखी शैलेश प्रीतम के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। 


टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की, जहां पुलिस को देखते ही अपराधी भागने लगे। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तीन अपराधियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया, जबकि दो अन्य अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।


गिरफ्तार अपराधियों के पास से एक लोडेड देसी कट्टा, 8 एमएम की गोली, तीन मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है।


पुलिस पूछताछ में इन अपराधियों ने अपने अपराध में शामिल होने की बात स्वीकार की है। साथ ही यह भी सामने आया है कि ये सभी पहले भी संगठित गिरोह बनाकर लूट की घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं। फिलहाल पुलिस इनके आपराधिक इतिहास को खंगाल रही है।


गिरफ्तार अपराधियों की पहचान मोहम्मद मनन, जावेद आलम और इस्तेयाक के रूप में हुई है, जबकि एक अन्य आरोपी कल्लू को भी चिन्हित किया गया है। वहीं इस मामले में फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।


पूर्णिया से अंकित