Bihar Encounter:पूर्णिया में पुलिस-बदमाश आमने-सामने, पुलिस से मुठभेड़,हथियारों का जखीरा बरामद

Bihar Encounter: पूर्णिया में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब पुलिस और बदमाशों के बीच सीधी टक्कर हो गई।....

पुलिस से मुठभेड़- फोटो : X

Bihar Encounter: पूर्णिया में  उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब पुलिस और बदमाशों के बीच सीधी टक्कर हो गई। केहाट थाना क्षेत्र के पूर्णिया कॉलेज चौक के पास हुई इस मुठभेड़ ने इलाके में सनसनी फैला दी। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए 5 शातिर आरोपियों को दबोच लिया, जबकि कुछ बदमाश अंधेरे और अफरा-तफरी का फायदा उठाकर फरार होने में कामयाब हो गए।

यह पूरा खेल किसी फिल्मी सीन से कम नहीं था। पुलिस को खुफिया इनपुट मिला था कि कई हथियारबंद गैंग के सदस्य पूर्णिया कॉलेज चौक के पास जमा होने वाले हैं। सूचना मिलते ही सदर वन एसडीपीओ के नेतृत्व में कई थानों की फोर्स और टेक्निकल सेल की टीम ने इलाके को चारों तरफ से घेर लिया। जैसे ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, बदमाशों ने बिना वक्त गंवाए फायरिंग शुरू कर दी दो राउंड गोलियां चलाई गईं, जिससे माहौल और भी खौफनाक हो गया।

पुलिस ने भी सख्ती दिखाते हुए चेतावनी के तौर पर जवाबी फायर किया। इसके बाद बदमाशों का हौसला टूट गया और पांच आरोपियों को मौके से ही हथियारों के साथ दबोच लिया गया। गिरफ्त में आए आरोपियों के पास से 2 राइफल, 53 जिंदा गोलियां और 2 खोखा बरामद किए गए हैं। साथ ही घटनास्थल से दो लग्जरी गाड़ियों को भी जब्त किया गया है, जो इस गैंग के रसूख और नेटवर्क की कहानी बयां करती हैं।

गिरफ्तार आरोपियों में सरसी निवासी सिट्टू सिंह, कटिहार का शुभम कुमार, भागलपुर का रूपेश कुमार और उत्तर प्रदेश के कासगंज व एटा जिले के दो रिटायर्ड आर्मी जवान मुकेश सिंह और नरसिंह सिंह शामिल हैं। रिटायर्ड फौजियों का इस तरह के जुर्म में शामिल होना पुलिस के लिए भी हैरानी का सबब बना हुआ है। एसपी स्वीटी सहरावत ने  खुलासा किया कि यह पूरा गैंग पहले से ही कई संगीन मामलों में वांछित था। सिट्टू सिंह और रूपेश कुमार का आपराधिक इतिहास रहा है, जबकि इस गैंग का कनेक्शन इनामी बदमाश छोटू सिंह से भी जुड़ा हुआ है। पुलिस को पहले ही इनकी मूवमेंट का सुराग मधुबनी थाना क्षेत्र से मिल चुका था, जिसके बाद CCTV फुटेज के जरिए पूरी साजिश का पर्दाफाश हुआ।

पूछताछ में यह भी सामने आया है कि इस मुठभेड़ के दौरान कुख्यात शाहिल सौरभ भी मौके पर मौजूद था, जो बीकोठी थाना क्षेत्र का रहने वाला है। वह मौके से फरार हो गया, जिसके बाद पुलिस ने रातभर उसकी तलाश में छापेमारी की। बताया जा रहा है कि पूर्णिया कॉलेज चौक पर उसका मकान बन रहा है, जो इस गैंग का अड्डा बना हुआ था। यह मुठभेड़ सिर्फ एक कार्रवाई नहीं, बल्कि उस अंडरवर्ल्ड नेटवर्क की झलक है, जो शहरों में धीरे-धीरे पैर पसार रहा है। अब पुलिस की अगली चुनौती फरार बदमाशों को पकड़ना और इस पूरे गैंग की जड़ तक पहुंचना है।