Bihar Crime: सीमांचल में आतंकी नेटवर्क का बारुद, गिरफ्तार छात्र शाहिद अख्तर के खुलासे से हड़कंप!पाकिस्तान से जुड़ रहे तार

Bihar Crime: बिहार के सीमांचल में सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ी है। ..

सीमांचल में आतंकी नेटवर्क का बारुद- फोटो : X

Bihar Crime: बिहार के सीमांचल में सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ी है। आईबी और एनआईए के इनपुट पर पूर्णिया पुलिस ने मधुबनी थाना क्षेत्र के कृष्णापुरी यादव टोला से 23 वर्षीय छात्र शाहिद अख्तर को गिरफ्तार किया है। एसएसपी डॉ. शौर्य सुमन ने बताया कि आरोपी के कथित संपर्क पाकिस्तान, कैमरून, हैदराबाद और पश्चिम बंगाल के कट्टरपंथी संगठनों से जुड़े होने की जांच हो रही है।

पुलिस के मुताबिक, शाहिद पूर्णिया कॉलेज का छात्र है। घर पर छापेमारी में मोबाइल और लैपटॉप जब्त किए गए। शुरुआती जांच में इनसे कथित तौर पर भड़काऊ वीडियो और देशविरोधी सामग्री मिलने की बात कही गई है। एसएसपी के अनुसार, आरोपी ढाई साल से यूट्यूब और इंस्टाग्राम पर फर्जी खाते बनाकर कट्टरपंथी सामग्री साझा करता था। उसके खातों पर व्यूज आते थे। बाद में खाते बंद कराए गए।

जांच में सामने आया है कि शाहिद सिग्नल और व्हाट्सऐप समूहों से भी जुड़ा था। पुलिस के अनुसार, एक समूह में पाकिस्तानी नंबर मिला है। संपर्कों की प्रकृति और आरोपी की भूमिका की पड़ताल जारी है। मधुबनी थाने में कांड संख्या 304 के तहत प्राथमिकी दर्ज है। एनआईए, बिहार एटीएस, एसटीएफ, आईबी और पूर्णिया पुलिस उससे पूछताछ कर रही हैं।

पूर्णिया, कटिहार, किशनगंज और अररिया वाला सीमांचल नेपाल, बांग्लादेश, पश्चिम बंगाल के करीब होने से संवेदनशील है। यहां गिरफ्तारियां हुई हैं। 2011 में पूर्णिया से अफगान नागरिक मिर्जा खान पकड़ा गया था। 2012 में बांग्लादेशी संदिग्ध गिरफ्तार हुए थे। हाल में ठाकुरगंज से मुंबई एटीएस ने भी एक संदिग्ध को पकड़ा था।

फिलहाल जांच शुरुआती दौर में है। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों से संभावित सदस्यों और संपर्कों की पहचान कर रही है। अधिकारियों ने लोगों से भड़काऊ सामग्री साझा नहीं करने और संदिग्ध गतिविधि की सूचना देने की अपील की है। जांच से स्पष्ट होगा कि मामला शाहिद की ऑनलाइन गतिविधियों तक सीमित है या बड़ा नेटवर्क सक्रिय है।