Bihar Crime: बिहार में स्मैक माफिया सद्दाम का तांडव, पुलिस की मुखबिरी के शक में पति-पत्नी की सरेआम बर्बर पिटाई,मो. शहनवाज ने की महिला के साथ घिनौनी हरकत

Bihar Crime:पुलिस की मुखबिरी के शक में मो. शहनवाज उर्फ चेंगना और मो. सद्दाम ने पति-पत्नी के साथ जो वहशीपन दिखाया, उसने इलाके में खौफ का माहौल पैदा कर दिया है।

स्मैक माफिया सद्दाम का तांडव- फोटो : reporter

Bihar Crime:  बिहार के पूर्णिया जिले से रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है। डगरूआ थाना क्षेत्र में स्मैक और अवैध हथियारों के सौदागरों ने कानून को ताक पर रखकर एक दंपति को अपना निशाना बनाया है। पुलिस की मुखबिरी के शक में आरोपियों ने पति-पत्नी के साथ जो वहशीपन दिखाया, उसने इलाके में खौफ का माहौल पैदा कर दिया है।

घटना 24 अप्रैल की है। लदवा गांव (वार्ड संख्या 13) के रहने वाले मो. इरफान आलम और उनकी पत्नी मुन्नी खातून जब डगरूआ जा रहे थे, तभी चमरेला पुल के पास पहले से घात लगाए बैठे दो आरोपियों  मो. शहनवाज उर्फ चेंगना और मो. सद्दाम ने उनका रास्ता रोक लिया। पीड़िता के अनुसार, ये दोनों अपराधी इलाके में स्मैक तस्करी और अवैध हथियारों के कारोबार में लिप्त हैं।

आरोपियों ने देखते ही इरफान आलम पर हमला कर दिया और लाठी-डंडों से उन्हें अधमरा कर दिया। जब मुन्नी खातून ने अपने पति को बचाने की कोशिश की, तो दरिंदों ने उसे भी नहीं बख्शा। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि आरोपियों ने न सिर्फ उसके साथ हाथापाई की, बल्कि बाल पकड़कर सड़क पर घसीटा और उसके कपड़े तक फाड़ दिए। इस दौरान आरोपियों ने दंपति को जान से मारने की धमकी दी और कहा कि पुलिस को हमारे कारोबार की सूचना देने की कीमत चुकानी पड़ेगी।

यह घटना कोई इत्तेफाक नहीं, बल्कि अपराधियों द्वारा फैलाई गई दहशत का हिस्सा है। पीड़िता मुन्नी खातून ने डगरूआ थाने में लिखित आवेदन देकर इंसाफ की गुहार लगाई है। फिलहाल उसके पति गंभीर रूप से घायल हैं और अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं।

इस घटना ने स्थानीय प्रशासनिक व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि स्मैक माफियाओं का मनोबल इतना बढ़ गया है कि वे अब सरेआम कानून को चुनौती दे रहे हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच का भरोसा दिलाया है, लेकिन पीड़ित परिवार अब भी आरोपियों की गिरफ्तारी और अपनी सुरक्षा को लेकर डरा हुआ है। क्या पुलिस इन माफियाओं की कमर तोड़ पाएगी, या फिर ये बेखौफ होकर अपनी काली करतूतें जारी रखेंगे? सवाल बड़ा है।

रिपोर्ट- अंकित कुमार