पटना में फायरिंग का वीडियो वायरल करने वाला शातिर राजा गिरफ्तार, भारी मात्रा में कारतूस और पिस्टल बरामद

Bihar Crime : राजधानी पटना में हवाई फायरिंग का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुख्यात अपराधी विशाल कुमार उर्फ राजा कुमार को धर दबोचा है। पुलिस ने इसके पास से हथियार भी बरामद किया है...

पटना का कुख्यात राजा गिरफ्तार- फोटो : रजनीश

Patna : सोशल मीडिया पर दहशत फैलाने और हवाई फायरिंग करने के शौकीन अपराधियों के खिलाफ पटना पुलिस ने कड़ा शिकंजा कसा है। सुल्तानगंज थाना क्षेत्र के रामपुर लेन में हवाई फायरिंग का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुख्यात अपराधी विशाल कुमार उर्फ राजा कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसके पास से एक पिस्टल और 32 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं, जिन्हें उसने एक छोटे लॉकर के भीतर बेहद शातिर तरीके से छिपा कर रखा था।


तीन जिलों की पुलिस को थी तलाश 

गिरफ्तार विशाल कुमार का आपराधिक इतिहास काफी लंबा और डरावना है। वह केवल पटना ही नहीं, बल्कि सहरसा और खगड़िया जिलों में भी हत्या के प्रयास, लूट और आर्म्स एक्ट जैसे गंभीर मामलों में वांछित था। काफी समय से फरार चल रहे इस अपराधी की गिरफ्तारी को पुलिस एक बड़ी कामयाबी मान रही है। इसकी गिरफ्तारी से कई लंबित मामलों के खुलासे होने की उम्मीद है।


लॉज के कमरे में मिला कारतूसों का जखीरा 

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी महेंद्रू पड़ाव के पास मौजूद है, जिसके बाद छापेमारी कर उसे दबोच लिया गया। उसकी निशानदेही पर जब मुसल्लहपुर हाट स्थित एक लॉज के कमरे की तलाशी ली गई, तो वहां रखे साउंड बॉक्स के नीचे से एक छोटा लॉकर मिला। इस लॉकर को खोलने पर पुलिस को भारी मात्रा में जिंदा कारतूस और एक लोडेड ऑटोमैटिक पिस्टल बरामद हुई।


एसपी की सख्त चेतावनी 

इस मामले पर पटना पूर्वी के सिटी एसपी परिचय कुमार ने सख्त रुख अपनाते हुए लाइसेंसी और गैर-लाइसेंसी हथियार धारकों को कड़ी चेतावनी जारी की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बेवजह हथियार का प्रदर्शन करने या हर्ष फायरिंग कर उसका वीडियो सोशल मीडिया पर डालना भारी पड़ेगा। एसपी ने कहा कि आत्मरक्षा के नाम पर लिए गए हथियारों का दुरुपयोग करने वालों के लाइसेंस रद्द किए जाएंगे और उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।


सोशल मीडिया पर पुलिस की पैनी नजर 

पटना पुलिस अब अपराधियों के डिजिटल फुटप्रिंट्स पर भी पैनी नजर रख रही है। सिटी एसपी ने आम जनता से भी अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति हथियार के साथ वीडियो बनाकर समाज में भय व्याप्त करने की कोशिश करता है, तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। सुल्तानगंज थाने में दर्ज कांड संख्या 191/26 के तहत आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है और गिरफ्तार अपराधी को जेल भेजने की तैयारी है।


रजनीश की रिपोर्ट