Bihar Crime: समस्तीपुर में खून की बारिश, ताबड़तोड़ गोलियों से डबल मर्डर, कुख्यात प्रभात चौधरी समेत दो का कत्ल, गैंगवार की बू पर पुलिस की तफ्तीश तेज

Bihar Crime: समस्तीपुर में सनसनीखेज डबल मर्डर ने पूरे इलाके को दहला दिया।...

ताबड़तोड़ गोलियों से डबल मर्डर- फोटो : social Media

Bihar Crime: समस्तीपुर में सनसनीखेज डबल मर्डर ने पूरे इलाके को दहला दिया। देर रात चकमेहसी थाना क्षेत्र के नामापुर दरियापार गांव में 8 से 10 की संख्या में पहुंचे हथियारबंद बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर कुख्यात अपराधी प्रभात चौधरी और उसके साथी सन्नी कुमार की निर्मम हत्या कर दी। गोलियों की तड़तड़ाहट से गांव में अफरा-तफरी मच गई, जबकि वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव और दहशत का माहौल बना हुआ है।

पुलिस के मुताबिक, मृतकों में प्रभात चौधरी का आपराधिक इतिहास भी खंगाला जा रहा है। वहीं दूसरा मृतक सन्नी कुमार बेलसंडी का निवासी बताया जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बदमाश पूरी तैयारी के साथ पहुंचे थे और दोनों को निशाना बनाकर अंधाधुंध फायरिंग की। गोलियों की बौछार इतनी जबरदस्त थी कि दोनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

वारदात की सूचना मिलते ही चकमेहसी थाना पुलिस, एफएसएल टीम और समस्तीपुर के वरीय पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल की घेराबंदी कर पुलिस ने साक्ष्य जुटाने शुरू किए। मौके से दो लोडेड मैगजीन और कई खोखे बरामद किए गए हैं, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि हमलावर भारी हथियारों से लैस थे।

प्रारंभिक जांच में पुलिस इस खूनी वारदात के पीछे गैंगवार, पुरानी अदावत और आपराधिक वर्चस्व की लड़ाई जैसे पहलुओं को केंद्र में रखकर तहकीकात कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, वहीं तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र के जरिए हमलावरों की शिनाख्त की कोशिश जारी है।

घटना के बाद गांव में पुलिस बल की अतिरिक्त तैनाती कर दी गई है ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और जल्द ही इस दोहरे हत्याकांड का पर्दाफाश कर आरोपियों को कानून के शिकंजे में लाया जाएगा।

इस डबल मर्डर ने एक बार फिर समस्तीपुर में कानून-व्यवस्था और संगठित अपराध को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सभी की नजर पुलिस की तफ्तीश और इस सनसनीखेज हत्याकांड के खुलासे पर टिकी हुई है।