Bihar Police Crime: थानाध्यक्ष पर एफआईआर दर्ज करने के लिए 10 हजार रुपये मांगने का आरोप, एसएसपी के पास पहुंची शिकायत
Bihar Police Crime: बिहार में पुलिस की कार्यशैली एक बार फिर सवालों के घेरे में है।दीपावली की रात मिठाई दुकानदार के बेटे की पिटाई के मामले में कार्रवाई नहीं होने पर जिला पार्षद ने थानेदार पर घूस मांगने का आरोप लगाया...
Bihar Police Crime: बिहार में पुलिस की कार्यशैली एक बार फिर सवालों के घेरे में है। सारण जिले के तरैया पूर्वी भाग के जिला पार्षद हरिशंकर सिंह उर्फ हरि सिंह ने तरैया थाने के थानाध्यक्ष पर प्राथमिकी दर्ज करने के लिए 10 हजार रुपये मांगने और धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। इस संबंध में उन्होंने सारण के एसएसपी को शिकायती पत्र भेज कर मामले की निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई की मांग की है।
पत्र की प्रतिलिपि डीआईजी और डीजीपी को भी भेजी गई है। इस संबंध में जिला पार्षद हरि सिंह ने बताया कि दीपावली की रात तरैया बाजार में पुलिस जवानों ने मिठाई दुकानदार कामेश्वर साह के पुत्र राजा कुमार गुप्ता की बेरहमी से पिटाई कर दी थी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। घटना की जानकारी मिलने पर जनप्रतिनिधि होने के नाते वह मामले की शिकायत करने तरैया थाने पहुंचे, लेकिन उस समय थानाध्यक्ष उपलब्ध नहीं थे। इसके बाद उन्होंने घटना की जानकारी स्थानीय मीडिया को दी।
आरोप है कि मीडिया में मामला सामने आने के बाद थानाध्यक्ष सत्यम प्रताप उनसे और उनके पुत्र पैक्स अध्यक्ष राहुल सिंह से नाराज हैं। जिला पार्षद का दावा है कि उन्हें अंजाम भुगतने की धमकी दी जा रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया है कि थानाध्यक्ष बिना रुपये लिए प्राथमिकी दर्ज नहीं करते और एफआईआर के लिए 10 हजार रुपये की मांग करते हैं।
जिला पार्षद ने वरीय पुलिस अधिकारियों से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराकर दोषी पाए जाने पर कार्रवाई करने की मांग की है। वहीं तरैया थाने के थानाध्यक्ष सत्यम प्रताप ने जिला पार्षद द्वारा लगाए गए सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए आरोपों को बेबुनियाद बताया है। ऐसे में अब मामले में वरीय पुलिस अधिकारियों की जांच और आगे की कार्रवाई पर नजर रहेगी।
रिपोर्ट- धर्मेंद्र रस्तोगी