टेंडर घोटाले में IAS आनंद किशोर की पेशी टली, अब इस दिन पूछताछ करेगी ED, रिशु श्री से है कनेक्शन
ED रिशु श्री से जुड़े कथित टेंडर घोटाले की जांच कर रही है। इस मामले में आनंद किशोर के अलावा IAS अधिकारी योगेश कुमार सागर से भी पूछताछ होनी है।
Bihar News : टेंडर घोटाले से जुड़े मामले में वरिष्ठ IAS अधिकारी आनंद किशोर की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। प्रवर्तन निदेशालय (ED) के सामने पेश होने से पहले उन्होंने एक बार फिर समय मांगा है। ED ने उनकी मांग स्वीकार करते हुए एक सप्ताह की अतिरिक्त मोहलत दे दी है। आनंद किशोर को बुधवार को पटना स्थित ED कार्यालय में पेश होना था, लेकिन उन्होंने अधिकारियों से पूछताछ के लिए और समय देने का अनुरोध किया। अब छठ के बाद उनसे पूछताछ होगी।
गौरतलब है कि इससे पहले 30 अक्टूबर को भी आनंद किशोर ED के समक्ष पेश नहीं हुए थे। उस समय भी उन्होंने एक सप्ताह का समय मांगा था। ED ने उनकी मांग स्वीकार कर नई तारीख दी थी। अब दूसरी बार मोहलत मिलने के बाद उनकी पेशी पर सबकी निगाहें टिकी हैं।
रिशु श्री से संबंधों को लेकर होगी पूछताछ
दरअसल, ED रिशु श्री से जुड़े कथित टेंडर घोटाले की जांच कर रही है। इस मामले में आनंद किशोर के अलावा IAS अधिकारी योगेश कुमार सागर से भी पूछताछ होनी है। योगेश कुमार सागर ने भी ED से पूछताछ के लिए एक सप्ताह का अतिरिक्त समय मांगा था। जांच एजेंसी इन अधिकारियों से रिशु श्री के साथ उनके कथित संबंधों और WhatsApp चैट के आधार पर सवाल-जवाब करना चाहती है। ED यह पता लगाने में जुटी है कि सरकारी अधिकारियों और ठेकेदार के बीच किस तरह की सांठगांठ थी और टेंडर प्रक्रिया में किसकी क्या भूमिका रही।
क्या है रिशु श्री से जुड़ा टेंडर घोटाला?
रिशु श्री मूल रूप से बिहार के सारण जिले का रहने वाला है। वह वरिष्ठ IAS अधिकारी संजीव हंस और अन्य अधिकारियों से जुड़े कथित भ्रष्टाचार एवं मनी लॉन्ड्रिंग मामले में आरोपी है। उसके खिलाफ विशेष निगरानी इकाई (SVU) ने भी मामला दर्ज किया था।
ED की जांच के मुताबिक, रिशु श्री कथित तौर पर सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों को फायदा पहुंचाकर उनसे टेंडर से जुड़ी गोपनीय जानकारी पहले हासिल करता था। आरोप है कि वह अधिकारियों के साथ सांठगांठ कर टेंडर की शर्तों में बदलाव करवाता और अपनी पसंद के ठेकेदारों को काम दिलाने की कोशिश करता था। इसके बदले कमीशन वसूले जाने और उसका हिस्सा संबंधित अधिकारियों तक पहुंचने की आशंका की भी जांच हो रही है।