रौब दिखाने के चक्कर में पहुंचा सलाखों के पीछे, हथियार संग वीडियो वायरल पड़ा भारी, सारण पुलिस ने दबोचा, आर्म्स एक्ट में केस दर्ज

Bihar Crime News: सोशल मीडिया पर हथियार लहराकर दबदबा बनाने की कोशिश एक युवक को भारी पड़ गई।..

रौब दिखाने के चक्कर में पहुंचा सलाखों के पीछे- फोटो : reporter

Bihar Crime News: सोशल मीडिया पर हथियार लहराकर दबदबा बनाने की कोशिश एक युवक को भारी पड़ गई। बिहार के सारण जिले में बंदूक के साथ वीडियो और तस्वीरें वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया के जरिए कानून-व्यवस्था को चुनौती देने और खौफ का माहौल बनाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।मामला सारण जिले के अवतार नगर थाना क्षेत्र के रतनपुरा बसंत गांव का है। गिरफ्तार युवक की पहचान राहुल सिंह उर्फ प्रकाश सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके खिलाफ अवतार नगर थाना कांड संख्या-243/26 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं तथा आर्म्स एक्ट की धारा-30 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

सारण के वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार ने बताया कि सोशल मीडिया पर एक युवक के हथियार के साथ वीडियो और फोटो तेजी से वायरल हो रहे थे। मामला सामने आते ही पुलिस ने वायरल सामग्री का तकनीकी सत्यापन कराया। जांच में वीडियो रतनपुरा बसंत गांव का पाया गया, जिसके बाद पुलिस टीम ने बिना देर किए छापेमारी कर आरोपी राहुल सिंह उर्फ प्रकाश सिंह को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस अब इस पूरे मामले की गहराई से तफ्तीश कर रही है। प्रारंभिक जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि वीडियो में दिखाई दे रहा हथियार वैध लाइसेंसी था या अवैध। इसके अलावा यह भी जांच की जा रही है कि हथियार का इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जा रहा था और क्या आरोपी सोशल मीडिया के जरिए इलाके में दहशत फैलाने या आपराधिक वर्चस्व कायम करने की कोशिश कर रहा था।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हाल के दिनों में सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ वीडियो और फोटो पोस्ट कर अपराधी छवि बनाने की प्रवृत्ति तेजी से बढ़ी है। ऐसे मामलों को गंभीरता से लेते हुए सारण पुलिस लगातार निगरानी कर रही है और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर वायरल होने वाले संदिग्ध कंटेंट का सत्यापन कर कार्रवाई की जा रही है।

सारण पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि सोशल मीडिया कोई ऐसा मंच नहीं है जहां हथियारों का प्रदर्शन कर कानून को चुनौती दी जाए। यदि कोई व्यक्ति हथियारों के जरिए डर या दबदबा बनाने की कोशिश करता है, तो उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि सोशल मीडिया पर हथियारों के प्रदर्शन, आपराधिक गतिविधियों या किसी भी संदिग्ध वीडियो की जानकारी मिले तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर कानून-व्यवस्था बनाए रखी जा सके। फिलहाल गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ जारी है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्ट- धर्मेंद्र कुमार