Bihar Crime: पुलिस लाइन के बगल में युवक की बेरहमी से हत्या, मोबाइल लूट का विरोध करना पड़ा महंगा

Bihar Crime: सैकड़ों पुलिसकर्मियों की मौजूदगी वाले पुलिस लाइन के ठीक बगल में एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई।

युवक की बेरहपुलिस लाइन के बगल में युवक की बेरहमी से हत्यामी से हत्या- फोटो : reporter

Bihar Crimeसैकड़ों पुलिसकर्मियों की मौजूदगी वाले पुलिस लाइन के ठीक बगल में सोमवार की रात एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। सारण नगर थाना क्षेत्र के हवाई अड्डा परिसर में हुई इस वारदात ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, खाना खाने के बाद टहलने निकले दो युवकों को अज्ञात अपराधियों ने घेर लिया। मोबाइल छीनने की कोशिश का विरोध करने पर एक युवक पर ईंट-पत्थर से हमला किया गया और बाद में धारदार हथियार से वार कर उसकी हत्या कर दी गई।

घटना रात करीब नौ बजे की बताई जा रही है। हमले के दौरान मृतक का साथी किसी तरह मौके से भाग निकला। वारदात के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई। सूचना मिलते ही नगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और खून से लथपथ शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।

पुलिस के अनुसार, मृतक और उसका साथी मुजफ्फरपुर जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं। दोनों छपरा शहर के गांधी चौक स्थित एक मिठाई की दुकान में मजदूरी करते थे। सोमवार रात दुकान पर खाना खाने के बाद दोनों टहलने के लिए हवाई अड्डा परिसर की ओर गए थे।

इसी दौरान अज्ञात लोगों ने उन्हें घेर लिया। प्रारंभिक जांच में मोबाइल छीनने की कोशिश की बात सामने आ रही है। विरोध के बाद विवाद बढ़ गया और हमलावरों ने युवक को घेरकर ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। इसके बाद धारदार हथियार से किए गए वार में वह गंभीर रूप से घायल हो गया और कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई।घटना के बाद पुलिस ने मृतक के साथी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस उससे वारदात से पहले और बाद की पूरी गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है। वहीं मिठाई दुकान के मालिक की ओर से भी थाने में आवेदन दिया गया है।

पुलिस हवाई अड्डा परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के साथ मोबाइल फोन और अन्य सामान की भी जांच की जा रही है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि वारदात में कितने लोग शामिल थे और युवक को निशाना बनाने की वास्तविक वजह क्या थी।पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मामले की सभी संभावित पहलुओं से जांच की जा रही है और संदिग्धों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई तेज कर दी गई है।

रिपोर्ट- धर्मेंद्र रस्तोगी