Bihar Crime:बिहार में मैरिज हॉल में सजा था जिस्म का बाजार, 80 युवक-युवतियां आपत्तिजनक अवस्था में गिरफ्तार, मचा हड़कंप

Bihar Crime: कानून के शिकंजे ने एक ऐसे गुनाहों के अड्डे का भंडाफोड़ किया, जहां शादी-ब्याह की आड़ में जिस्मफरोशी का काला कारोबार फल-फूल रहा था।...

80 युवक-युवतियां आपत्तिजनक अवस्था में गिरफ्तार- फोटो : X

Bihar Crime: कानून के शिकंजे ने एक ऐसे गुनाहों के अड्डे का भंडाफोड़ किया, जहां शादी-ब्याह की आड़ में जिस्मफरोशी का काला कारोबार फल-फूल रहा था। रोहतास के दावथ थाना इलाके के मलियाबाग स्थित प्रकाश मैरिज हॉल एंड होटल पर की गई इस ताबड़तोड़ छापेमारी ने इलाके में सनसनी फैला दी।

मामले की डोर तब खुली, जब बिक्रमगंज के एसडीएम प्रभात कुमार को गुप्त मुखबिर से पुख्ता खबर मिली कि इस मैरिज हॉल में ‘मोहब्बत’ नहीं, बल्कि ‘मंडी’ सजती है—जहां कुछ घंटों के लिए मोटी रकम लेकर कमरे मुहैया कराए जाते हैं और अनैतिक गतिविधियों का खेल चलता है। सूचना मिलते ही प्रशासन ने बिना वक्त गंवाए पुलिस बल के साथ ऑपरेशन क्लीन शुरू कर दिया।

छापेमारी के दौरान जो मंजर सामने आया, उसने हर किसी को सन्न कर दिया। होटल के कमरों से करीब 80 युवक-युवतियां आपत्तिजनक हालत में पकड़े गए। इनमें 40 से ज्यादा लड़कियां शामिल हैं, जिनमें कई शादीशुदा भी बताई जा रही हैं। मौके से भारी मात्रा में आपत्तिजनक सामान बरामद हुआ, जो इस ‘रैकेट’ की गहराई और संगठित तरीके से चल रहे धंधे की गवाही दे रहा है।

प्रशासन का कहना है कि यह कोई छोटा-मोटा खेल नहीं, बल्कि एक सुनियोजित सिंडिकेट का हिस्सा हो सकता है, जिसमें होटल संचालक की भूमिका भी शक के घेरे में है। फिलहाल कई कर्मचारियों को हिरासत में लेकर पूछताछ जारी है।

बिक्रमगंज के एसडीपीओ सिंधु शेखर सिंह ने साफ किया कि पकड़े गए नाबालिग लड़के-लड़कियों को बाल संरक्षण समिति के सामने पेश किया जाएगा, जबकि पेशेवर रूप से इस धंधे में लिप्त लोगों पर सख्त कानूनी कार्रवाई कर उन्हें जेल भेजा जाएगा। कुछ लोगों की काउंसलिंग भी कराई जाएगी।

प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए होटल को सील कर दिया है, लेकिन यह मामला कई सवाल भी खड़े कर रहा है आखिर इतने बड़े पैमाने पर यह धंधा कब से चल रहा था? और किसकी मिलीभगत से? फिलहाल, इस कार्रवाई ने साफ कर दिया है कि कानून की नजर से कोई बच नहीं सकता चाहे शादी का हॉल ही क्यों न हो, अगर अंदर गुनाह पल रहा है, तो अंजाम सिर्फ एक छापा, गिरफ्तारी और सलाखें!