Bihar Crime: स्मार्ट पॉइंट में सेंधमारी, दीवार तोड़कर घुसे चोर, CCTV में कैद हुए चोर

Bihar Crime: स्मार्ट पॉइंट मॉल में चोरों ने सेंधमारी कर बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया।...

स्मार्ट पॉइंट में सेंधमारी- फोटो : reporter

Bihar Crime: सासाराम नगर थाना क्षेत्र के बौलिया के पास स्थित रिलायंस स्मार्ट पॉइंट मॉल में चोरों ने सेंधमारी कर बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर मॉल के पीछे की दीवार में सेंध लगाकर अंदर दाखिल हुए और सामान व नकदी पर हाथ साफ कर फरार हो गए। हालांकि, कितनी नकदी और कितना सामान चोरी हुआ है, इसका फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल सका है। पुलिस पूरे मामले की तफ्तीश में जुटी है।

वारदात का खुलासा तब हुआ, जब आज सुबह मॉल के कर्मचारी उसे खोलने पहुंचे। कर्मचारियों की नजर पीछे की दीवार पर गई तो वहां ऊपर की तरफ सेंधमारी की गई थी। इसके अलावा मॉल के ऑफिस कक्ष का शीशा भी टूटा हुआ मिला। मॉल में चोरी की आशंका होते ही कर्मचारियों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही सासाराम नगर थानाध्यक्ष शिवेंद्र कुमार दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने सेंधमारी वाली जगह को फिलहाल सील कर दिया है, ताकि वहां मौजूद संभावित साक्ष्यों के साथ छेड़छाड़ न हो।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया है। फॉरेंसिक जांच के बाद ही घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर चोरी की वारदात को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी सामने आने की उम्मीद है।

पुलिस मॉल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। शुरुआती तौर पर वारदात से जुड़ी कुछ तस्वीरें सीसीटीवी में कैद होने की बात सामने आई है। फुटेज में एक संदिग्ध दिखाई दे रहा है, जिसने अपना चेहरा ढक रखा है।पुलिस सीसीटीवी फुटेज में कैद गतिविधियों और संदिग्ध की पहचान के प्रयास में जुटी है। साथ ही घटनास्थल से फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि चोर मॉल से कितनी नकदी और कितना सामान लेकर गए हैं। मॉल के स्टॉक और कार्यालय से जुड़े रिकॉर्ड की जांच के बाद चोरी हुए सामान और नकदी की वास्तविक मात्रा स्पष्ट हो सकेगी।

दीवार में सेंधमारी और ऑफिस का शीशा टूटे मिलने से अंदाजा लगाया जा रहा है कि चोरों ने मॉल में प्रवेश करने के लिए सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज, फॉरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर चोरों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।

रिपोर्ट- रंजन कुमार