Bihar Crime: सिवान में बम-पटाखे नष्ट करने के दौरान धमाका, लोगों ने सिपाही को बनाया बंधक

Bihar Crime: बरामद बम और पटाखों को नष्ट करने के दौरान जोरदार धमाका होने से इलाके में दहशत फैल गई।

CoSiwan Blast Constable taken hostage Cracks Houses Wallsnst
बम-पटाखे नष्ट करने के दौरान धमाका- फोटो : reporter

Bihar Crime: सिवान जिले में बरामद बम और पटाखों को नष्ट करने के दौरान जोरदार धमाका होने से इलाके में दहशत फैल गई। जीबी नगर थाना क्षेत्र के अलमापुर गांव में हुई इस घटना का असर आसपास के करीब 200 मीटर के दायरे में देखने को मिला। ग्रामीणों के मुताबिक, विस्फोट की तीव्रता इतनी अधिक थी कि कई घरों की खिड़कियों के शीशे टूट गए, मस्जिद के कांच क्षतिग्रस्त हो गए और कुछ मकानों की दीवारों में दरारें आ गईं। अचानक हुए धमाके से गांव में अफरा-तफरी मच गई और लोगों के बीच खौफ का माहौल कायम हो गया।

एक सिपाही को बनाया बंधक 

धमाके से हुए नुकसान से गुस्साए ग्रामीणों ने मौके पर मौजूद अग्निशमन विभाग के एक सिपाही को कई घंटे तक बंधक बनाए रखा। हालात की जानकारी मिलने पर प्रशासन और पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई। सिवान सदर एसडीपीओ प्रांजल कुमार, सिवान सदर एसडीएम, महाराजगंज एसडीपीओ अमन कुमार समेत कई पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे।बड़हरिया थाना प्रभारी छोटन कुमार, सराय थाना प्रभारी विकास कुमार बिट्टू और जीबी नगर थाना पुलिस के साथ अतिरिक्त पुलिस बल भी मौके पर तैनात किया गया। अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर स्थिति को संभालने और उनकी नाराजगी दूर करने की कोशिश की।

जानकारी के अनुसार, भलुआरा नहर के समीप अलमापुर गांव में बरामद बम और पटाखों को नष्ट करने की कार्रवाई की जा रही थी। इसी दौरान अचानक जोरदार विस्फोट हो गया। ग्रामीणों का दावा है कि धमाके की आवाज दूर तक सुनाई दी और आसपास के मकानों को भी नुकसान पहुंचा। कई घरों की खिड़कियों और अन्य स्थानों पर लगे कांच टूटकर बिखर गए। वहीं, कुछ मकानों की दीवारों में दरारें आने की भी बात सामने आई है।

धमाके के बाद धुआं, बुजुर्गों की तबीयत बिगड़ने का दावा

विस्फोट के बाद घटनास्थल के आसपास धुआं फैल गया। स्थानीय लोगों के मुताबिक, धुएं के कारण कुछ लोगों को सांस लेने में परेशानी हुई। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि कुछ घरों में मौजूद बुजुर्गों की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। घटना के बाद लोगों में भय के साथ-साथ प्रशासनिक कार्रवाई को लेकर नाराजगी भी बढ़ गई। हालांकि, प्रभावित लोगों की संख्या और स्वास्थ्य संबंधी शिकायतों की आधिकारिक पुष्टि अभी सामने नहीं आई है।

नुकसान के आकलन और मुआवजे का आश्वासन

मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने ग्रामीणों की शिकायतें सुनीं और नुकसान की भरपाई के लिए संबंधित विभाग के माध्यम से आवश्यक कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया। प्रशासन की ओर से ग्रामीणों की मांगों पर विचार करने की बात भी कही गई।

ताबिश इरशाद की रिपोर्ट