छात्रों के साथ जाम से जाम छलाका रहे गुरु जी, शराब और सिगरेट पीते शिक्षक का वीडियो वायरल, शिक्षा विभाग में मचा हड़कंप

एक शिक्षक का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। ..

छात्रों के साथ जाम से जाम छलाका रहे गुरु जी- फोटो : reporter

Bihar Teacher News: शेखपुरा जिले से गुरु-शिष्य संबंधों को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है। बरबीघा थाना क्षेत्र के उच्च माध्यमिक विद्यालय, सर्वा में पदस्थापित एक शिक्षक का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में दावा किया जा रहा है कि सामाजिक विज्ञान के शिक्षक पुरुषोत्तम कुमार अपने कुछ दोस्तों और दसवीं कक्षा के छात्रों के साथ बैठकर शराब और सिगरेट का सेवन कर रहे हैं। हालांकि, वीडियो की प्रामाणिकता और उसमें दिख रही परिस्थितियों की आधिकारिक जांच अभी बाकी है।

जानकारी के मुताबिक, यह वीडियो कथित तौर पर शिक्षक के जन्मदिन समारोह का है, जो बिहारशरीफ स्थित उनके आवास पर आयोजित किया गया था। दावा किया जा रहा है कि इस निजी समारोह में उनके विद्यालय के कुछ छात्र भी मौजूद थे। वायरल वीडियो में कुछ लोग गोल घेरा बनाकर बैठे दिखाई देते हैं और बीच में शराब की बोतल तथा अन्य सामान रखा नजर आता है। वीडियो में एक बच्चा कथित तौर पर यह कहते हुए सुनाई देता है कि, "ये हमारे सर हैं, सिगरेट पी रहे हैं और रॉयल स्टैग दारू पी रहे हैं।"

यह वीडियो करीब एक महीने बाद 5 जुलाई को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर वायरल हुआ। दावा किया जा रहा है कि इसे जिस इंस्टाग्राम आईडी से पोस्ट किया गया, वह कथित तौर पर स्वयं शिक्षक की आईडी थी। हालांकि, बाद में वीडियो डिलीट कर दिया गया, लेकिन तब तक कई लोगों ने उसे डाउनलोड कर अलग-अलग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा कर दिया।

इस मामले में विद्यालय के प्राचार्य गौरीशंकर ने स्वीकार किया कि वायरल वीडियो में दिख रहे व्यक्ति उनके विद्यालय के शिक्षक हैं। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि वीडियो विद्यालय परिसर का नहीं, बल्कि किसी निजी स्थान का है। इसलिए इस स्तर पर वह कोई विभागीय कार्रवाई नहीं कर सकते और आगे का निर्णय सक्षम शिक्षा अधिकारियों के स्तर पर होगा।

वहीं, शिक्षक पुरुषोत्तम कुमार ने भी वीडियो को लेकर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने स्वीकार किया कि वीडियो उनका ही है, लेकिन उनका कहना है कि यह एक महीने पुराना नहीं बल्कि मार्च महीने में उनके जन्मदिन समारोह के दौरान बनाया गया था। उनके अनुसार, वह अपने दोस्तों के साथ जन्मदिन मना रहे थे, तभी कुछ छात्र वहां पहुंच गए। उनका दावा है कि छात्रों ने उनके मोबाइल से ही वीडियो रिकॉर्ड कर उसे उनके इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट कर दिया। बाद में जानकारी मिलने पर उन्होंने वीडियो हटा दिया, लेकिन तब तक वह वायरल हो चुका था।

इस घटना ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि जांच में यह पुष्टि होती है कि शिक्षक के साथ नाबालिग छात्र शराब सेवन के दौरान मौजूद थे, तो यह केवल शिक्षकीय आचरण का मामला नहीं बल्कि बच्चों की सुरक्षा, नैतिक जिम्मेदारी और बिहार में लागू पूर्ण शराबबंदी कानून के संदर्भ में भी महत्वपूर्ण हो सकता है।बिहार में पूर्ण शराबबंदी लागू है और सरकारी कर्मचारियों से हर वर्ष शराब का सेवन न करने की शपथ भी ली जाती है। विभागीय सूत्रों के अनुसार, यदि वायरल वीडियो और उससे जुड़े आरोप जांच में सही पाए जाते हैं, तो संबंधित शिक्षक के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जा सकती है।फिलहाल पूरे मामले की आधिकारिक जांच और जिला शिक्षा पदाधिकारी के रुख का इंतजार है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि वायरल वीडियो के आधार पर क्या कार्रवाई की जाती है और आरोप किस हद तक सही साबित होते हैं।

रिपोर्ट- उमेश कुमार