Bihar Crime:चलती टेंपो में खूनखराबा, पति ने पत्नी पर चलाई गोली, फिर भीड़ ने ले ली आरोपी की जान
Bihar Crime: एक सनसनीखेज और दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां चलती टेंपो में पति ने अपनी पत्नी को गोली मार दी।...
Bihar Crime: शेखपुरा जिले में एक सनसनीखेज और दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां चलती टेंपो में पति ने अपनी पत्नी को गोली मार दी। इसके बाद गुस्साई भीड़ ने आरोपी पति को पकड़कर पीट दिया, जिससे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। अब इस घटना में पत्नी जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रही है, जबकि पति की मौत ने पूरे मामले को और रहस्यमय बना दिया है।
घटना सिरारी थाना क्षेत्र के कैथमा गांव के पास की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, प्रदीप कुमार अपनी पत्नी प्रतिमा कुमारी के साथ टेंपो से शेखपुरा की ओर जा रहा था। टेंपो में अन्य यात्री भी सवार थे। यात्रा के दौरान पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो धीरे-धीरे बढ़ता गया।
इसी दौरान अचानक प्रदीप कुमार ने हथियार निकालकर अपनी पत्नी प्रतिमा कुमारी पर गोली चला दी। गोली चलने से टेंपो में अफरा-तफरी मच गई और यात्री अपनी जान बचाने के लिए चीखने-चिल्लाने लगे। चालक ने तुरंत वाहन रोक दिया। इस भगदड़ में एक बच्चा भी गिरकर घायल हो गया। वहीं प्रतिमा कुमारी गंभीर रूप से घायल होकर सीट पर गिर पड़ी और टेंपो खून से सन गया।
वारदात के बाद आरोपी मौके से भागने लगा, लेकिन ग्रामीणों ने उसे दौड़ाकर पकड़ लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी ने ग्रामीणों पर फायरिंग की कोशिश भी की, जिससे लोगों का गुस्सा और बढ़ गया और भीड़ ने उसकी पिटाई कर दी।
सूचना मिलने पर सिरारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल आरोपी को सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
वहीं घायल महिला प्रतिमा कुमारी की हालत नाजुक बनी हुई है। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे पटना पीएमसीएच रेफर कर दिया है। बताया जा रहा है कि वह मूल रूप से नवादा जिले की रहने वाली है और इन दिनों अपने मायके आई हुई थी।
घटना को लेकर पुलिस अधीक्षक बलिराम कुमार चौधरी ने सदर अस्पताल पहुंचकर स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि एफएसएल टीम को मौके पर भेजा गया है और हथियार बरामद कर लिया गया है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की हर एंगल से जांच कर रही है। सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर पति ने अपनी पत्नी पर गोली क्यों चलाई और इसके बाद भीड़ की पिटाई से उसकी मौत कैसे हो गई। मामला अभी पूरी तरह रहस्य और जांच के घेरे में है।
उमेश कुमार की रिपोर्ट