गिरिडीह-जामताड़ा रोड पर लूटेरों का आतंक : ससुराल जा रहे युवक को बनाया निशाना, रिवाल्वर की नोक पर 1.20 लाख और मोबाइल लूटा

झारखंड के गिरिडीह में सड़क लूटेरों का आतंक बढ़ गया है। ताजा मामला अपने घर से ससुराल जा रहे युवक से रिवाल्वर की नोक पर 1.20 लाख व मोबाइल की छिनतई का सामने आया है....

गिरिडीह-जामताड़ा रोड पर लूटेरों का आतंक : ससुराल जा रहे युवक
गिरिडीह-जामताड़ा रोड पर लूटेरों का आतंक (सांकेतिक तस्वीर)- फोटो : सोशल मीडिया

Giridih : जिले में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। गिरिडीह-जामताड़ा मुख्य मार्ग पर बेखौफ अपराधियों ने दिनदहाड़े एक बड़ी लूट की घटना को अंजाम दिया। अपने घर से ससुराल जा रहे एक युवक को तीन नकाबपोश अपराधियों ने बीच रास्ते में रोक लिया और सिर पर रिवाल्वर सटाकर 1.20 लाख रुपये नगद और उसका मोबाइल फोन छीन लिया। इस सनसनीखेज वारदात के बाद से मुख्य मार्ग से गुजरने वाले राहगीरों और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।


नगदी लेकर बाइक से ससुराल जा रहा था पीड़ित

मिली जानकारी के अनुसार, बेंगाबाद थाना क्षेत्र के महतोडीह गांव का रहने वाला मोहम्मद रुस्तम अंसारी (पिता डॉ. खलील) अपने घर से मोटी रकम लेकर बाइक से अपनी ससुराल 'बनसिमी' जा रहा था। उसे इस बात का अंदाजा भी नहीं था कि कुछ अपराधी उसका पीछा कर रहे हैं और सुनसान जगह का इंतजार कर रहे हैं।


सुनसान मोड़ पर अपराधियों ने किया ओवरटेक

पीड़ित रुस्तम अंसारी जैसे ही गिरिडीह-जामताड़ा रोड पर महेश मुंडा चौक से कुछ दूरी आगे बढ़ा, कोयरीडीह मोड़ के पास एक बेहद सुनसान जगह पर घात लगाए अपराधियों ने उसे दबोच लिया। एक ही बाइक पर सवार होकर आए तीन अपराधियों ने रुस्तम की बाइक को तेजी से ओवरटेक करते हुए उसके आगे अपनी गाड़ी अड़ा दी। रुस्तम कुछ समझ पाता, इससे पहले ही बदमाशों ने उस पर हथियार तान दिए।


चाभी छीनकर भागे बदमाश, रिश्तेदारों को दी सूचना

अपराधियों ने रुस्तम की कनपटी पर रिवाल्वर की नोक रखी और जान से मारने की धमकी देते हुए उसके पास मौजूद 1.20 लाख रुपये नगद, कीमती मोबाइल फोन और उसकी मोटरसाइकिल की चाभी भी जबरन छीन ली, ताकि वह उनका पीछा न कर सके। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी जामताड़ा की ओर तेजी से फरार हो गए। अचानक घटी इस खौफनाक घटना के बाद पीड़ित ने जैसे-तैसे पैदल चलकर सुरक्षित स्थान ढूंढकर अपने रिश्तेदारों को आपबीती सुनाई, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।


नाकेबंदी कर सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

हाईवे पर लूट की बड़ी सूचना मिलते ही गांडेय थाना पुलिस महकमे में खलबली मच गई। गांडेय थाना प्रभारी और सब-इंस्पेक्टर तुरंत दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों की धरपकड़ के लिए जिले की सीमाओं पर नाकेबंदी कर दी गई है। पुलिस रूट पर पड़ने वाले पेट्रोल पंपों और दुकानों में लगे सीसीटीवी (CCTV) फुटेज को खंगाल रही है, ताकि अपराधियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।