Bihar Encounter: पुलिस की जवाबी फायरिंग में ढेर हुआ सुल्तानगंज गोलीकांड का आरोपी रामधनी यादव, गोलियों की बौछार में कांपा भागलपुर, एसएसपी ने दी बड़ी जानकारी
Bihar Encounter: सुलतानगंज नगर परिषद के ईओ के हत्या के मुख्य अभियुक्त रामधनी यादव को क्रॉस-फायरिंग में गोली लग गई और वह गिर पड़ा।...
Bihar Encounter: भागलपुर ज़िले के सुल्तानगंज में हुए सनसनीखेज गोलीकांड ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस खून-खराबे वाले कांड के मुख्य अभियुक्त रामधनी यादव का अंत आखिरकार पुलिस मुठभेड़ में हो गया। इस पूरे ऑपरेशन ने इलाके में दहशत और तनाव का माहौल पैदा कर दिया है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, रामधनी यादव को घटना में प्रयुक्त हथियार और अन्य आपराधिक सामान की बरामदगी के लिए सुरक्षित स्थान पर ले जाया जा रहा था। लेकिन इसी दौरान हालात अचानक बेकाबू हो गए। बताया जाता है कि अभियुक्त ने अपने सहयोगी अज्ञात अपराधियों के साथ मिलकर पुलिस टीम पर अचानक फायरिंग शुरू कर दी। गोलियों की तड़तड़ाहट से पूरा इलाका गूंज उठा और माहौल एकदम गरम हो गया।
स्थिति को गंभीर होते देख पुलिस ने भी बिना देर किए मोर्चा संभाला और आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की। इसी क्रॉस-फायरिंग में मुख्य अभियुक्त रामधनी यादव को गोली लग गई और वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल, मायागंज स्थित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।इस भीषण मुठभेड़ में पुलिस के तीन जवान भी घायल हो गए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी घायलों का इलाज जारी है और उनकी हालत पर डॉक्टरों की टीम लगातार नजर बनाए हुए है।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन के बड़े अधिकारी हरकत में आ गए। जिलाधिकारी नवल किशोर चौधरी, वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव और एसडीएम विकास कुमार तुरंत अस्पताल पहुंचे और पूरे मामले की गंभीरता से जानकारी ली। पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती भी कर दी गई है। एसएसपी प्रमोद कुमार यादव ने प्रेस को जानकारी देते हुए साफ किया कि यह कार्रवाई पूरी तरह आत्मरक्षा में की गई है। उन्होंने बताया कि अभियुक्त द्वारा पुलिस टीम पर जानलेवा हमला किया गया था, जिसके जवाब में पुलिस को मजबूरी में फायरिंग करनी पड़ी।
पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क और घटना के पीछे छिपे अन्य अपराधियों की तलाश में जुट गई है। इलाके में तनाव जरूर है, लेकिन पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था को किसी भी कीमत पर बिगड़ने नहीं दिया जाएगा और पूरे मामले का जल्द पूरी तरह खुलासा किया जाएगा।
रिपोर्ट - अंजनी कुमार कश्यप