गया में दिव्यांग युवक की संदिग्ध मौत से सनसनी, पत्नी ने लगाए गंभीर आरोप, एक हिरासत में

गया जिले के इमामगंज थाना क्षेत्र में दिव्यांग युवक की संदिग्ध मौत से सनसनी मच गई. इस मामले में परिजनों ने गंभीर आरोप लगाते हुए संदेह जाहिर किया है.

Suspicious death in Gaya- फोटो : news4nation

Bihar News : बिहार के गया जिले के इमामगंज थाना क्षेत्र में एक 35 वर्षीय दिव्यांग युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई है। कुजेशर पंचायत के कसाई टोला (भुइयां टोला) में हुई इस घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है, जबकि पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है। मृतक की पत्नी ने दो लोगों पर हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मृतक की पहचान राजदेव भारती के रूप में हुई है, जो स्वर्गीय श्यामलाल भुइयां के पुत्र थे। वह दो भाइयों में बड़े थे। परिवार में उनकी पत्नी मुनिया देवी और चार बेटे—राकेश, चंदन, कुंदन और रवि हैं। परिजनों के अनुसार, राजदेव जन्म से ही दिव्यांग थे। उनका एक हाथ पूरी तरह विकसित नहीं हुआ था और कोहनी तक ही था।


पत्नी ने दो लोगों पर जताया शक

मृतक की पत्नी मुनिया देवी ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि घटना से एक दिन पहले बुगुल मियां और रोहित कुमार उनके घर आए थे, जहां दोनों ने शराब पी थी। इसी दौरान रोहित कुमार अपनी बाइक की चाबी घर पर ही छोड़ गया था। अगले दिन सुबह वह दोबारा चाबी लेने उनके घर पहुंचा। इसके बाद क्या हुआ, इसकी उन्हें जानकारी नहीं है। उन्होंने दोनों व्यक्तियों पर अपने पति की हत्या करने का संदेह जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।


बाइक लेने पहुंचा युवक

घटना की सूचना मिलने पर जब ग्रामीण और पुलिस मौके पर पहुंचे, उसी दौरान रोहित कुमार अपनी बाइक लेने वहां पहुंच गया। पुलिस ने तत्काल उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। फिलहाल उससे घटना के हर पहलू पर पूछताछ की जा रही है।


अवैध शराब के कारोबार का भी एंगल

मामले में स्थानीय मुखिया ने दावा किया कि राजदेव भारती और उनकी पत्नी कथित तौर पर अवैध शराब के कारोबार से जुड़े हुए थे। उनके घर पर प्रतिदिन कई लोगों का आना-जाना रहता था। प्रथम दृष्टया मामला शराब पीने या उससे जुड़े किसी विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। हालांकि पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने से पहले किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा।


वहीं पंचायत समिति सदस्य राहुल कुमार ने आरोप लगाया कि गांव में लंबे समय से कई स्थानों पर खुलेआम अवैध शराब की बिक्री हो रही है, लेकिन प्रशासन की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। गांव के एक अन्य निवासी असगर ने भी इसी तरह के आरोप लगाए और कहा कि गांव में कई जगहों पर दिनदहाड़े शराब बेची जाती है।


पुलिस हर पहलू की कर रही जांच

इमामगंज थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि राजदेव भारती की मौत के मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। मृतक की पत्नी और स्थानीय लोगों द्वारा लगाए गए आरोपों की भी जांच की जा रही है। एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। यदि किसी की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है और लोग मामले के जल्द खुलासे की मांग कर रहे हैं।

मनोज की रिपोर्ट