पटना में युवक की संदिग्ध मौत: सिर और छाती में लगी गोली, हत्या और आत्महत्या के बीच उलझी पुलिस

Bihar Crime : पटना के बिहटा थाना क्षेत्र में एक युवक की मौत संदिग्ध मौत हो गई। युवक के शरीर पर दो गोली लगने के निशान पाए गए है, जिसके बाद मामला और उलझ गया है। पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनो को मानकर जांच में जुटी है...

युवक की संदिग्ध मौत- फोटो : सुमित कुमार

Patna : पटना के बिहटा थाना क्षेत्र अंतर्गत मोहम्मदपुर गांव से एक बड़ी घटना सामने आई है। जहां आज सोमवार की दोपहर गोली लगने से एक युवक की मौत के बाद सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान स्वर्गीय मुन्ना राय के 30 वर्षीय पुत्र अनुरोध कुमार के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर तफ्तीश शुरू कर दी है। इस घटना के बाद से मृतक के घर में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम 

मिली जानकारी के अनुसार, दोपहर के समय पुलिस को सूचना मिली कि मोहम्मदपुर गांव में एक युवक को गोली लगी है। आनन-फानन में पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां परिजनों द्वारा घायल अनुरोध को बिहटा के एक निजी अस्पताल ले जाया गया था। हालांकि, अस्पताल के डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर कानूनी प्रक्रिया शुरू की और घटनास्थल का मुआयना किया।


दो गोलियों ने बढ़ाया मौत का रहस्य 

पुलिस के अनुसार अनुरोध के शरीर पर दो गोलियों के निशान मिले हैं—एक गोली उसके सिर में लगी है और दूसरी छाती पर। एक साथ दो गोलियां लगने की बात सामने आने के बाद पुलिस इस गुत्थी को सुलझाने में जुट गई है कि यह हत्या है या आत्महत्या। 


बताया जा रहा है कि अनुरोध पिछले कुछ दिनों से मानसिक तनाव में चल रहा था। घटना के वक्त घर में उसकी मां, पत्नी और बहन मौजूद थीं, जिनसे पुलिस विस्तार से पूछताछ कर रही है।


परिजनों के बयान पर पुलिस को संदेह 

मामले की जानकारी देते हुए दानापुर डीएसपी-2 अमरेंद्र कुमार झा ने बताया कि युवक की मौत की सूचना पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। उन्होंने कहा कि शुरुआती जांच और परिवार के सदस्यों से की गई पूछताछ में उनके बयान संदिग्ध प्रतीत हो रहे हैं। पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि अगर यह आत्महत्या है तो दो गोलियां कैसे चलीं और अगर हत्या है तो इसके पीछे कौन हो सकता है।


FSL टीम करेगी वैज्ञानिक जांच 

मामले की गंभीरता और उलझे हुए साक्ष्यों को देखते हुए पुलिस ने विधि विज्ञान प्रयोगशाला (FSL) की टीम को मौके पर बुला लिया है। वैज्ञानिक साक्ष्यों के जरिए यह स्पष्ट करने का प्रयास किया जाएगा कि गोली किस दूरी और किस एंगल से चलाई गई थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो पाएगा। फिलहाल गांव में तनाव और शोक का माहौल बना हुआ है।


सुमित कुमार की रिपोर्ट