16 साल के छात्र संग फरार हुई 26 वर्षीय शिक्षिका, पुलिस ने दर्ज किया अपहरण और पॉक्सो एक्ट में का मुकदमा
26 वर्षीय महिला टीचर अपने 16 साल के नाबालिग छात्र के साथ फरार हो गई है। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने अपहरण और पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर पडोसी जिलो सहित से राजधानी तक तलाश शुरू कर दी है।
एक स्कूल की 26 वर्षीय शिक्षिका अपने 16 वर्षीय छात्र के साथ फरार हो गई है। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच प्रेम प्रसंग चल रहा था और रास्ते में अड़चनें आने के बाद शिक्षिका नाबालिग छात्र को अपने साथ लेकर चली गई। घटना की जानकारी मिलते ही छात्र के परिवार में हड़कंप मच गया और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
एक साल से चल रहा था प्रेम प्रसंग
यह मामला उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले के कप्तानगंज थाना क्षेत्र का है, जहां कक्षा 11 में पढ़ने वाला 16 वर्षीय छात्र अचानक लापता हो गया। परिजनों की पड़ताल में सामने आया कि वह उसी स्कूल में पढ़ाने वाली शिक्षिका के साथ गया है, जो करीब एक साल से वहां कार्यरत थी। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, दोनों के बीच लगभग एक साल से कथित तौर पर प्रेम प्रसंग चल रहा था।
परिजनों ने की तलाश, नहीं मिला सुराग
छात्र के गायब होने के बाद परिवार वालों ने अपने स्तर पर हर संभावित जगह उसकी खोजबीन की। परिजनों ने आरोपी शिक्षिका के घर जाकर भी पूछताछ की, लेकिन वहां से कोई सहयोग नहीं मिला। इसके बाद छात्र के पिता ने थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए शिक्षिका पर बेटे को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने का आरोप लगाया।
अपहरण और पॉक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज
पीड़ित पिता की तहरीर के आधार पर कप्तानगंज पुलिस ने आरोपी शिक्षिका के खिलाफ अपहरण और पॉक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार, दोनों के मोबाइल नंबर सर्विलांस पर लगाए गए हैं, हालांकि फिलहाल दोनों के फोन बंद आ रहे हैं।
बस्ती, गोरखपुर और लखनऊ में दबिश
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीमों ने शिक्षिका और छात्र की तलाश तेज कर दी है। अधिकारियों के मुताबिक, दोनों की खोजबीन के लिए बस्ती के साथ-साथ गोरखपुर और लखनऊ तक संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।