Bihar Crime: BPSC शिक्षिका रहस्यमय ढंग से लापता, ससुराल में ताला लगाकर परिवार फरार!

Bihar Crime: BPSC परीक्षा पास कर शिक्षिका बनी 26 वर्षीय शिवानी कुमारी अचानक रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गईं।..

BPSC शिक्षिका रहस्यमय ढंग से लापता- फोटो : reporter

Bihar Crime:  BPSC परीक्षा पास कर शिक्षिका बनी 26 वर्षीय शिवानी कुमारी अचानक रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गईं।  वैशाली जिले से एक ऐसी सनसनीखेज खबर सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया है। BPSC परीक्षा पास कर शिक्षिका बनी 26 वर्षीय शिवानी कुमारी अचानक रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गईं। बेटी की तलाश में पहुंचे पिता को जब ससुराल में ताला लटका मिला और परिवार के सभी सदस्य गायब मिले तो उनका शक गहरा गया। पिता ने सीधे ससुराल वालों पर बेटी की हत्या कर शव गायब करने का गंभीर आरोप लगाया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के साथ FSL और डॉग स्क्वायड की टीम भी जांच में जुटी है।

मामला जंदाहा प्रखंड के महिषौर थाना क्षेत्र की महीपुरा पंचायत के मुर्तुजापुर गांव का है। शिवानी कुमारी के पिता कुंदन राय बिदुपुर थाना क्षेत्र के खपुरा गांव के रहने वाले हैं। शिवानी की शादी गौरव अभिषेक से हुई थी। उनके पति भुवनेश्वर के अंगुल में रेलवे में जूनियर इंजीनियर के पद पर कार्यरत हैं। ससुर अभिनंदन कुमार राय गांव में जन वितरण प्रणाली की दुकान चलाते हैं, जबकि सास भी शिक्षिका बताई जा रही हैं।

परिजनों के मुताबिक, 25 नवंबर को दोपहर में शिवानी के ससुर ने उनके पिता को फोन कर किसी काम से घर बुलाया। जब कुंदन राय वहां पहुंचे तो उन्हें बताया गया कि बेटी घर से गायब है। इसी दिन ससुराल पक्ष की ओर से महिषौर थाने में गुमशुदगी का आवेदन भी दिया गया था।

लेकिन अगले दिन गुरुवार सुबह करीब 10 बजे जब पिता दोबारा बेटी के ससुराल पहुंचे तो वहां ताला लटका मिला। परिवार के सभी सदस्य गायब थे और उनके मोबाइल फोन भी बंद आ रहे थे। इसके बाद मायके पक्ष के लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। पिता ने आशंका जताई कि उनकी बेटी की हत्या कर शव को ठिकाने लगा दिया गया है।

कुंदन राय का आरोप है कि शिवानी को शादी के बाद से ही दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था। उन्होंने दावा किया कि 5 फरवरी 2026 को हुई शादी में करीब 30 लाख रुपये नकद, स्कॉर्पियो और अन्य सामान दिया गया था। इसके बावजूद नया मकान बनवाने के नाम पर लगातार रुपये मांगे जा रहे थे।

पिता ने यह भी आरोप लगाया कि बेटी पर दबाव बनाकर 25 और 26 नवंबर की छुट्टी का आवेदन दिलवाया गया था। शिवानी ने 2023 में BPSC परीक्षा पास की थी और ससुराल के नजदीक एक स्कूल में पढ़ाती थीं।

इधर, जंदाहा और महिषौर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। FSL टीम ने शिक्षिका के सोने वाले कमरे से संदिग्ध नमूने जुटाए। वहां खून जैसे दिखाई देने वाले पदार्थ मिलने की बात भी सामने आई है, हालांकि इसकी पुष्टि जांच रिपोर्ट से होगी। डॉग स्क्वायड ने भी छानबीन की, लेकिन फिलहाल कोई ठोस सुराग नहीं मिला है।

अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर BPSC शिक्षिका शिवानी कहां हैं? क्या वह किसी अनहोनी का शिकार हुई हैं या इस रहस्यमयी गुमशुदगी के पीछे कोई दूसरी कहानी है? पुलिस की जांच और फॉरेंसिक रिपोर्ट पर सबकी निगाहें टिकी हैं।

रिपोर्ट- ऋषभ कुमार