Bihar Crime News: सुबह सुबह खौफनाक मर्डर, मॉर्निंग वॉक पर निकले ठेकेदार को दौड़ा कर बाइक सवार शूटरों ने मारी गोली, जमकर हंगामा
Bihar Crime News: अपराधियों ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था को चुनौती देते हुए चर्चित ठेकेदार रामनरेश राय की गोली मारकर हत्या कर दी। ...
Bihar Crime News: वैशाली में अपराधियों ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था को चुनौती देते हुए जिले के चर्चित ठेकेदार रामनरेश राय की गोली मारकर हत्या कर दी। सुबह-सुबह हुई इस सनसनीखेज वारदात से इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। घटना सदर थाना क्षेत्र के कुम्हइया पोखरी के पास की बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, रामनरेश राय रोज की तरह मॉर्निंग वॉक के लिए घर से निकले थे। वह घर से कुछ दूर आगे ही पहुंचे थे कि दो बाइक पर सवार चार अपराधियों ने उन्हें निशाना बना लिया। CCTV फुटेज में कथित तौर पर पूरी वारदात कैद हुई है, जिसमें बाइक सवार हमलावर ठेकेदार पर हमला करते नजर आ रहे हैं।
हमले के दौरान ठेकेदार ने जान बचाने के लिए भागने की कोशिश की, लेकिन हमलावरों ने उनका पीछा नहीं छोड़ा। आरोप है कि अपराधियों ने उन्हें करीब से निशाना बनाते हुए चार गोलियां दाग दीं। गोली लगने से रामनरेश राय गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।घटना के बाद आनन-फानन में उन्हें निजी नर्सिंग होम ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। हत्या की खबर फैलते ही इलाके में सनसनी फैल गई।
ठेकेदार की हत्या से नाराज लोगों ने शव को घटनास्थल पर लाकर सड़क जाम कर दिया। मौके पर भीड़ जुट गई और अपराधियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर विरोध शुरू हो गया। घटना को लेकर लोगों में भारी आक्रोश देखा गया।सूचना मिलते ही वैशाली एसपी शुभांक मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने आक्रोशित लोगों से बातचीत कर उन्हें समझाने की कोशिश की। पुलिस अधिकारियों के आश्वासन के बाद स्थिति को शांत कराया गया।
पुलिस अब CCTV फुटेज और घटनास्थल से मिले अन्य सुरागों के आधार पर हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी की कोशिश में जुटी है। हालांकि हत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस सभी संभावित एंगल से मामले की जांच कर रही है।एसपी शुभांक मिश्रा ने भरोसा दिलाया है कि वारदात में शामिल अपराधियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। फिलहाल पुलिस की कार्रवाई और हमलावरों की गिरफ्तारी पर इलाके की निगाहें टिकी हैं।सुबह के वक्त मॉर्निंग वॉक पर निकले ठेकेदार की इस तरह सरेआम हत्या ने वैशाली की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। अब पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती चारों हमलावरों तक पहुंचकर हत्या की वजह और पूरी साजिश का खुलासा करना है।
रिपोर्ट- ऋषभ कुमार