Bihar Crime:कलयुगी बेटी की करतूत, बुजुर्ग माता-पिता की सरेआम की पिटाई, दामाद पर गंभीर आरोप

Bihar Crime: जमीन के विवाद ने परिवार के रिश्तों में ऐसी दरार पैदा कर दी कि आरोप है, बड़ी बेटी और दामाद ने बुजुर्ग माता-पिता के साथ रजिस्ट्री कार्यालय में ही मारपीट कर दी।

कलयुगी बेटी की करतूत- फोटो : reporter

Vaishali: लालगंज से रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। जमीन के विवाद ने परिवार के रिश्तों में ऐसी दरार पैदा कर दी कि आरोप है, बड़ी बेटी और दामाद ने बुजुर्ग माता-पिता के साथ रजिस्ट्री कार्यालय में ही मारपीट कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पूरे इलाके में चर्चा तेज हो गई है।

मामला बेलसर थाना क्षेत्र के मौना महिमा गांव से जुड़ा है। पीड़ित बुजुर्ग चंदेश्वर चौधरी और उनकी पत्नी शोभा देवी के नाम जमीन की जमाबंदी बताई जा रही है। आरोप है कि इसी जमीन पर उनकी बड़ी बेटी शशिकला कुमारी की नजर थी। चंदेश्वर चौधरी का आरोप है कि उनकी बेटी ने लालगंज रजिस्ट्री कार्यालय में उनके नाम दर्ज जमाबंदी वाली जमीन को कथित तौर पर उनकी सहमति के बिना बेच दिया।

जब बुजुर्ग दंपती को इसकी जानकारी मिली तो उन्होंने इसका विरोध किया। आरोप है कि विरोध से नाराज बड़ी बेटी और दामाद ने रजिस्ट्री कार्यालय परिसर में ही चंदेश्वर चौधरी और शोभा देवी के साथ मारपीट शुरू कर दी। अचानक हुए इस हंगामे से रजिस्ट्री कार्यालय में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घटना का वीडियो किसी व्यक्ति ने अपने मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब वायरल हो रहा है। वीडियो में कथित तौर पर एक महिला और पुरुष बुजुर्ग दंपती के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, वीडियो और आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

पीड़ित चंदेश्वर चौधरी ने पूरे मामले को लेकर थाने में लिखित आवेदन दिया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस जमीन के दस्तावेजों, कथित बिक्री और मारपीट से जुड़े आरोपों की भी पड़ताल कर रही है।यह मामला सिर्फ जमीन के विवाद तक सीमित नहीं है, बल्कि इसने बदलते पारिवारिक रिश्तों पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। जिस रजिस्ट्री कार्यालय में संपत्ति के कानूनी लेन-देन की प्रक्रिया होती है, वहीं बुजुर्ग माता-पिता के साथ कथित मारपीट की घटना ने लोगों को झकझोर दिया है। अब पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि जमीन की बिक्री किन परिस्थितियों में हुई और मारपीट के आरोपों में कौन-कौन दोषी है।

रिपोर्ट- ऋषभ कुमार