Bihar Crime: हथियारों का काला धंधा बेनकाब, मुर्गी फार्म से निकला पिस्टल-कट्टों का जखीरा, पुलिस ने तीन तस्कर दबोचा

Bihar Crime: बिहार में पुलिस ने अवैध हथियारों के धंधे पर करारा वार करते हुए एक सक्रिय तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ कर दिया है।...

हथियारों का काला धंधा बेनकाब- फोटो : reporter

Bihar Crime: बिहार में पुलिस ने अवैध हथियारों के धंधे पर करारा वार करते हुए एक सक्रिय तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ कर दिया है। वैशाली जिले के पातेपुर थाना क्षेत्र में की गई इस कार्रवाई ने इलाके में सनसनी फैला दी है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर देर रात सलेमपुर सलखनी गांव में छापेमारी कर तीन हथियार तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से देशी पिस्टल, कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, लंबे समय से इलाके में हथियारों की सप्लाई की खबर मिल रही थी। इसी बीच खुफिया इनपुट मिला कि सलेमपुर सलखनी गांव में एक गिरोह गुपचुप तरीके से अवैध हथियारों का कारोबार चला रहा है। सूचना मिलते ही पातेपुर थाना पुलिस ने पूरी तैयारी के साथ दबिश दी। छापेमारी के दौरान एक देशी पिस्टल, एक देशी कट्टा और पांच जिंदा कारतूस बरामद हुए, जिसके बाद तीन संदिग्धों को हिरासत में ले लिया गया।

तहकीकात के दौरान पुलिस को सबसे बड़ा सुराग मुख्य आरोपी कृष्ण कुमार के घर से मिला। घर की तलाशी में हथियार मिलने के बाद जब पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो कई चौंकाने वाले राज सामने आने लगे। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने पास के एक मुर्गी फार्म में छापा मारा, जहां से हथियारों का जखीरा बरामद हुआ।

पूछताछ में खुलासा हुआ कि यह गिरोह संगठित तरीके से हथियारों की तस्करी करता था। पुलिस के अनुसार, आरोपी राघोपुर इलाके से अवैध हथियार मंगवाते थे। गिरोह के सदस्य त्रिभुवन और शिवम हथियार लाने और उनकी डिलीवरी करने का काम करते थे, जबकि पूरे धंधे की कमान कृष्ण कुमार के हाथ में थी। वही सौदेबाजी करता था और ग्राहकों से एडवांस रकम लेकर हथियारों की सप्लाई तय करता था।पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि एक देशी पिस्टल की डील करीब 80 हजार रुपये में तय की गई थी। इतना ही नहीं, गिरोह पहले ही एक हथियार की सप्लाई कर चुका था और कई अन्य सौदे भी पाइपलाइन में थे।

फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर पूरे हथियार सिंडिकेट की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। साथ ही उन अपराधियों की भी तलाश की जा रही है जो इन अवैध हथियारों को खरीदने वाले थे।बिहार में अवैध हथियारों के फैलते नेटवर्क के बीच पातेपुर पुलिस की यह कार्रवाई बड़ी कामयाबी मानी जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस पूरे गिरोह के पीछे छिपे बड़े चेहरों का भी खुलासा किया जाएगा।

रिपोर्ट- ऋषभ कुमार