Bihar Crime:वैशाली में खौफनाक वारदात, बेटे के सामने पत्नी की गला दबाकर हत्या, पति गिरफ्तार

Bihar Crime:बिहार के वैशाली जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है।...

:वैशाली में खौफनाक वारदात- फोटो : reporter

Bihar Crime:बिहार के वैशाली जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पातेपुर थाना क्षेत्र के नीरपुर गांव में 32 वर्षीय विवाहिता अंजली चौधरी की कथित तौर पर उसके पति ने गला दबाकर हत्या कर दी। इस सनसनीखेज वारदात ने पूरे इलाके को सन्न कर दिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति कुंदन साह को गिरफ्तार कर लिया है।

मृतका अंजली चौधरी मूल रूप से पूसा (समस्तीपुर) की रहने वाली थी। करीब पांच साल पहले उसने प्रेम विवाह किया था। परिजनों के मुताबिक वैवाहिक जीवन में अक्सर तनातनी होती थी और सोशल मीडिया पर वीडियो बनाने को लेकर भी पति-पत्नी के बीच विवाद रहता था। चौंकाने वाली बात यह है कि मौत से लगभग 24 घंटे पहले अंजली ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया था, जिसमें उसने अपने पति पर गंभीर आरोप लगाए थे और प्रेम विवाह को अपनी “गलती” बताया था। यही वीडियो अब तेजी से वायरल हो रहा है।

घटना के वक्त घर में मौजूद मृतका के बेटे ने पुलिस को बताया कि उसके माता-पिता के बीच झगड़ा हुआ और उसके पिता ने रस्सी से गला दबाकर उसकी मां की हत्या कर दी। घटनास्थल के पास से पुलिस ने एक प्लास्टिक की रस्सी बरामद की है, जिसे जब्त कर लिया गया है।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का मुआयना कर साक्ष्य जुटाए हैं। परिजनों का आरोप है कि पति और उसके घरवालों ने मिलकर हत्या की साजिश रची।

बताया जा रहा है कि वर्ष 2023 में भी अंजली ने अपने पति के खिलाफ मामला दर्ज कराया था, जिसके बाद वह जेल गया था। जेल से लौटने के बाद भी दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और हत्या के कारणों की तह तक जाने में जुटी है।

रिपोर्ट- ऋषभ कुमार