Bihar Crime:बीच सड़क चाकूबाजी, टोटो सवारों पर ताबड़तोड़ हमला, कई लोग घायल
Bihar Crime: मामूली कहासुनी और पुराने रंजिश के जहर ने अचानक ऐसा विकराल रूप लिया कि सड़क पर ही खून-खराबे का मंजर देखने को मिला।
Bihar Crime: एक ऐसी वारदात सामने आई है जिसने पूरे इलाके को दहशत और सनसनी के साये में धकेल दिया है। मामूली कहासुनी और पुराने रंजिश के जहर ने अचानक ऐसा विकराल रूप लिया कि सड़क पर ही खून-खराबे का मंजर देखने को मिला।
जानकारी के मुताबिक,वैशाली जिले के सराय थाना क्षेत्र में एक बाइक सवार युवक ने बीच सड़क पर चल रहे एक टोटो रिक्शा को अचानक रोक लिया। शुरुआत में मामला सिर्फ नोकझोंक जैसा लगा, लेकिन कुछ ही पलों में स्थिति आग और खून में बदल गई। आरोपी युवक ने बिना किसी रहम के टोटो में बैठे यात्रियों पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। यह हमला इतना तेज और बेकाबू था कि लोग संभल भी नहीं पाए और चीख-पुकार मच गई।
इस वारदात में कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। खून से सनी सड़क और भागते-चिल्लाते लोग पूरा इलाका किसी जुर्म के अखाड़े में तब्दील हो गया। स्थानीय लोगों के मुताबिक,आरोपी के इरादे पहले से ही आक्रामक थे और वह किसी पुरानी रंजिश का बदला लेने की नीयत से आया था। घटना की सूचना मिलते ही सराय थाना पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को दबोच लिया। पुलिस की फुर्ती ने हालात को और बिगड़ने से बचा लिया, वरना मामला और भी गंभीर रूप ले सकता था।
घायलों को तत्काल सदर अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। कुछ की हालत नाजुक बताई जा रही है। अस्पताल में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं इलाके में तनाव और भय का माहौल बना हुआ है।
पुलिस अब इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है कि आखिर एक साधारण विवाद ने इतना खतरनाक और खूनी रूप कैसे ले लिया। क्या यह सिर्फ आपसी रंजिश थी या इसके पीछे कोई और साजिश भी छुपी है इसकी परतें अब धीरे-धीरे खुल रही हैं। फिलहाल वैशाली की यह वारदात एक बार फिर यह सवाल छोड़ गई है कि जब गुस्सा कानून से ऊपर चला जाए, तो सड़कें इंसाफ नहीं बल्कि जुर्म की गवाह बन जाती हैं।
रिपोर्ट- ऋषभ कुमार