Bihar Crime: बिहार में STF पर भीड़ ने किया हमला, 4 जवान घायल, हथियार छीनने की कोशिश,फायरिंग की सूचना से मचा हड़कंप

Bihar Crime: आरोपी के सत्यापन के लिए पहुंची एसटीएफ की टीम पर लोगों ने हमला कर दिया।...

STF पर भीड़ का हमला- फोटो : reporter

Bihar Crime: आरोपी के सत्यापन के लिए पहुंची एसटीएफ  की टीम पर लोगों ने हमला कर दिया।बिदुपुर थाना क्षेत्र के भैरोपुर चौक के पास  उस वक्त अफरातफरी मच गई, जब आरोपी के सत्यापन के लिए पहुंची एसटीएफ  की टीम पर लोगों ने हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले में एसटीएफ के चार जवान जख्मी हो गए। घटना के दौरान फायरिंग की सूचना मिलने के बाद पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही बिदुपुर थाने की पुलिस के साथ सदर एसडीपीओ-1 सुबोध कुमार और एसटीएफ डीएसपी दीपक कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।

घायल जवानों की पहचान नरेंद्र कुमार, अमर कुमार, मुकेश कुमार और लक्ष्मण कुमार के रूप में हुई है। सभी को तत्काल इलाज के लिए बिदुपुर सीएचसी में भर्ती कराया गया। पुलिस ने मामले में तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं, वारदात में शामिल अन्य लोगों की पहचान के लिए पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।

दो पक्षों के विवाद में पहुंची थी STF की टीम

स्थानीय लोगों के मुताबिक, भैरोपुर चौक के पास किसी बात को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी और विवाद चल रहा था। इसी दौरान एसटीएफ की टीम वहां पहुंची और कुछ दूरी पर रुक गई। बताया जा रहा है कि टीम के जवान सिविल ड्रेस में थे। इसी वजह से कथित तौर पर एक पक्ष के लोगों ने जवानों को दूसरे पक्ष का आदमी समझ लिया। देखते ही देखते विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और लोगों ने एसटीएफ जवानों के साथ मारपीट शुरू कर दी। अचानक हुए हमले से जवानों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।

हथियार छीनने की कोशिश से बिगड़ा मामला

बताया जा रहा है कि स्थिति बेकाबू होने पर एसटीएफ के जवानों ने अपनी सुरक्षा के लिए पिस्टल निकाल ली। इसी दौरान कुछ लोगों द्वारा जवानों के हथियार छीनने की कोशिश किए जाने की बात सामने आई है। इस बीच फायरिंग की सूचना भी सामने आई, जिसके बाद स्थानीय पुलिस को तत्काल अलर्ट किया गया।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया और उन्हें थाने ले जाकर पूछताछ शुरू की।

CCTV फुटेज से खुलेगा हमलावरों का राज

घटना के बाद इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। एसएसपी शुभांक मिश्रा के निर्देश पर पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को खंगाला जा रहा है, ताकि हमले में शामिल लोगों की पहचान की जा सके।फुटेज और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि विवाद की असली वजह क्या थी और एसटीएफ जवानों पर हमला किस परिस्थिति में हुआ।

एसएसपी बोले- जांच के बाद होगी कार्रवाई

एसएसपी शुभांक मिश्रा ने बताया कि बिदुपुर थाना क्षेत्र में दो पक्षों के बीच विवाद के दौरान मौके पर पहुंची एसटीएफ टीम के जवानों पर हमला किया गया। फायरिंग की सूचना भी मिली थी। घटना में चार जवानों को चोट लगी है और सभी का इलाज कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मामले की तफ्तीश जारी है। पुलिस घटनास्थल से जुड़े तमाम पहलुओं की पड़ताल कर रही है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटना में शामिल लोगों की पहचान की जाएगी। जांच के आधार पर आरोपितों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्ट- ऋषभ कुमार