Bihar Police Action: मोहर्रम से पहले वैशाली में बवाल, डीजे जब्त करने पहुंची पुलिस टीम पर हमला, तीन उपद्रवी गिरफ्तार, इलाके में भारी पुलिस बल तैनात

Bihar Police Action: मोहर्रम से पहले वैशाली जिले में माहौल उस समय तनावपूर्ण हो गया जब प्रतिबंधित डीजे जब्त करने पहुंची पुलिस टीम पर उपद्रवियों ने हमला कर दिया। ...

मोहर्रम से पहले वैशाली में बवाल- फोटो : reporter

Bihar Police Action: मोहर्रम से पहले वैशाली जिले में माहौल उस समय तनावपूर्ण हो गया जब प्रतिबंधित डीजे जब्त करने पहुंची पुलिस टीम पर उपद्रवियों ने हमला कर दिया। इस घटना के बाद प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है और पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने हालात को नियंत्रण में लेने के लिए व्यापक अभियान शुरू कर दिया है।

जानकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि मोहर्रम जुलूस के दौरान इस्तेमाल के लिए डीजे की तैयारी की जा रही है। इसी सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और डीजे जब्त करने की कार्रवाई शुरू की। आरोप है कि इस दौरान कुछ लोगों ने पुलिस कार्रवाई का विरोध किया और देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया। उपद्रवियों ने पुलिस टीम के साथ धक्का-मुक्की और हमला करने की कोशिश की, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आ गया। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) प्रवीण कुमार ने स्वयं मोर्चा संभालते हुए अतिरिक्त पुलिस बल को मौके पर बुलाया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए चार थानों की पुलिस के साथ भारी संख्या में जवानों की तैनाती की गई है। संवेदनशील इलाकों में लगातार गश्त की जा रही है और हर गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन उपद्रवियों को गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान भी की जा रही है। इसके लिए घटनास्थल और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल वीडियो और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच की जा रही है।

प्रशासन का कहना है कि कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। वीडियो फुटेज के आधार पर लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीमें गठित की गई हैं। मोहर्रम जैसे संवेदनशील अवसर को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। अधिकारियों ने लोगों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की है तथा अफवाहों पर ध्यान न देने की सलाह दी है। फिलहाल इलाके में स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस की निगरानी लगातार जारी है। प्रशासन का कहना है कि पर्व-त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की अराजकता, उपद्रव या कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्ट- ऋषभ कुमार