गन्ने के खेत में मिली युवती की लाश, इलाके में सनसनी: कत्ल, साजिश या कोई और राज? पुलिस हर पहलू की तफ्तीश में जुटी

पश्चिम चंपारण जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां शिकारपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत गन्ने के खेत में एक अज्ञात युवती का संदिग्ध शव मिलने से पूरे इलाके में दहशत फैल गई है। जींस और टी-शर्ट पहनी मृतका का शव दो से तीन दिन पुराना बताया जा रहा है.

गन्ने के खेत में मिली युवती की लाश, इलाके में सनसनी- फोटो : आशीष

Bettiah : पश्चिम चंपारण के शिकारपुर थाना क्षेत्र में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब गौरीपुर मंझरिया और अमवा टोला गांव के सरेह में एक अज्ञात युवती का शव बरामद हुआ। गन्ने के खेत के समीप मिली इस लाश ने पूरे इलाके को दहशत और हैरत में डाल दिया है। घटना की खबर जंगल में आग की तरह फैलते ही आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। शव की हालत देखकर स्थानीय लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं और डर का माहौल बना हुआ है।


जींस और टी-शर्ट में मिली मृतका की नहीं हुई पहचान

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवती का शव खेत के किनारे बेहद संदिग्ध हालत में पड़ा था। शव से काफी तेज दुर्गंध आ रही थी, जिससे आशंका जताई जा रही है कि उसकी मौत दो से तीन दिन पहले ही हो चुकी होगी। मृतका ने जींस और टी-शर्ट पहन रखी थी, लेकिन काफी प्रयासों के बाद भी समाचार लिखे जाने तक उसकी पहचान नहीं हो सकी थी। युवती की शिनाख्त न हो पाने के कारण यह पूरा मामला और भी अधिक रहस्यमय बन गया है।


दुष्कर्म और हत्या की आशंका: पुलिस ने साक्ष्य जुटाने के लिए बुलाई FSL की टीम

लाश की स्थिति को देखते हुए ग्रामीणों के बीच कई तरह की संगीन आशंकाएं जताई जा रही हैं। स्थानीय लोगों का मानना है कि यह मामला केवल सामान्य मौत का नहीं है, बल्कि इसके पीछे दुष्कर्म और हत्या जैसा कोई घिनौना अपराध हो सकता है। घटना की सूचना मिलते ही शिकारपुर थाना पुलिस और डायल-112 की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर दिया है और वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया है।


पुलिस हर पहलू पर कर रही है गहन जांच

फिलहाल पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि वे मामले के हर पहलू की तफ्तीश कर रहे हैं। हालांकि, अधिकारियों ने साफ किया है कि जांच पूरी होने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के साथ-साथ फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह और समय का सटीक खुलासा हो सकेगा। पुलिस ने जल्दबाजी में किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है।


ग्रामीणों में भारी आक्रोश: दोषियों को कड़ी सजा देने और खुलासे की मांग

इस रहस्यमयी घटना के बाद से स्थानीय ग्रामीणों में गुस्सा और बेचैनी साफ देखी जा सकती है। लोगों ने जिला प्रशासन और पुलिस से मांग की है कि मृतका की पहचान जल्द से जल्द सुनिश्चित की जाए और इस मामले का निष्पक्ष खुलासा हो। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि यह किसी अपराध या साजिश का हिस्सा है, तो दोषियों को ढूंढकर तुरंत सलाखों के पीछे भेजा जाए। फिलहाल पूरे इलाके की नजरें पुलिस की आगामी कार्रवाई और जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं।

आशीष की रिपोर्ट