प्रदेश अध्यक्ष सिर्फ पद नहीं, पार्टी के प्रति दायित्व, बिहार भाजपा अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार दिल्ली पहुंचे संजय सारावगी, राजद पर साधा निशाना

बिहार भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी अध्यक्ष पद का दायित्व संभालने के बाद पहली बार देश की राजधानी दिल्ली पहुंचे। दिल्ली आगमन पर उन्होंने शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त किया और आगामी चुनौतियों को लेकर अपनी रणनीति साझा की।

New Delhi - बिहार बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद संजय सरावगी अपने पहले दिल्ली प्रवास पर हैं। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी में कोई 'पद' नहीं होता, बल्कि 'दायित्व' होता है। उन्होंने संघ की पाठशाला और वार्ड पार्षद से लेकर विधायक तक के अपने सफर को याद करते हुए शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया और कहा कि एक सामान्य कार्यकर्ता को इतनी बड़ी जिम्मेदारी देना केवल भाजपा में ही संभव है। 

लालू परिवार और राजद पर तीखा प्रहार

आरजेडी द्वारा लगाए जा रहे आरोपों पर पलटवार करते हुए सरावगी ने कहा कि बिहार में अब एनडीए की मजबूत सरकार है। राबड़ी देवी के आवास खाली करने के मुद्दे पर उन्होंने स्पष्ट किया कि यह सरकारी व्यवस्था और नियमों के तहत हो रहा है। उन्होंने तेजस्वी यादव पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जो लोग सत्ता से हटने के बाद आवास के लिए सुप्रीम कोर्ट तक लड़ते हैं, उन्हें नियमों का पालन करना सीखना चाहिए। 

बिहार में अपराधियों की अब खैर नहीं

सरावगी ने बिहार की कानून व्यवस्था पर जोर देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी व विजय सिन्हा के नेतृत्व में सरकार बेहतरीन काम कर रही है। उन्होंने कहा, "सम्राट चौधरी जी को गृह विभाग मिला है, अब अपराधियों पर और भी सख्ती से नकेल कसी जाएगी। जो अपराधी हैं, उन्हें या तो अपराध छोड़ना होगा या बिहार।" 

संगठन और सरकार में बेहतर तालमेल ही लक्ष्य

आगामी रणनीतियों पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि उनकी सबसे बड़ी चुनौती संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में भाजपा का और विस्तार होगा और पार्टी की विचारधारा को बिहार के गांव-गांव तक पहुँचाया जाएगा। उन्होंने इशारों-इशारों में यह भी संकेत दिया कि विपक्ष के कई विधायक भाजपा के संपर्क में हैं।

रिपोर्ट - धीरज कुमार