Congress Ramlila Maidan Rally: कांग्रेस का दिल्ली में 'वोट चोरी, गद्दी छोड़' रैली आज, रामलीला मैदान में राहुल गांधी भरेंगे हुंकार, जाएंगे तेजस्वी?

Congress Ramlila Maidan Rally: कांग्रेस आज दिल्ली के रामलीला मैदान में बड़ी रैली करने जा रहा है। रैली SIR के खिलाफ होगी। इस रैली में कांग्रेस नेता राहुल गांधी सभा को संबोधित करेंगे।

रामलीला मैदान में कांग्रेस की रैली - फोटो : social media

Congress Ramlila Maidan Rally: कांग्रेस नेता राहुल गांधी आज दिल्ली में बड़ी रैली को संबोधित करेंगे। दिल्ली के रामलीला मैदान में आज एसआईआर के खिलाफ कांग्रेस 'वोट चोर गद्दी छोड़' रैली का आयोजन किया गया है। इस रैली में देश के विभिन्न राज्यों से कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल होंगे। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी सहित कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता रैली को संबोधित करेंगे।

कांग्रेस नेता होंगे शामिल 

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा और चुनाव आयोग की मिलीभगत से मतदाता सूची में गड़बड़ी की जा रही है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए भाजपा के खिलाफ सभी को एकजुट होना होगा। कांग्रेस ने बताया कि ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ रैली को सफल बनाने के लिए दिल्ली कांग्रेस के कार्यकर्ता प्रत्येक बूथ से भाग लेंगे। रैली के लिए सभी पुख्ता तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अलग-अलग राज्यों से आने वाले कांग्रेस कार्यकर्ताओं के लिए सुबह नाश्ता, चाय और पानी की व्यवस्था की गई है, वहीं दिनभर के भोजन का भी इंतजाम प्रदेश कांग्रेस की ओर से किया गया है।

ये नेता रहेंगे मौजूद

दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित होने वाली ‘वोट चोरी, गद्दी छोड़’ रैली में कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व मौजूद रहेगा। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के रैली को संबोधित करने की संभावना है। वहीं कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, केसी वेणुगोपाल, जयराम रमेश और सचिन पायलट सहित कई वरिष्ठ नेता रैली में भाग लेंगे। पार्टी की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी के भी रैली में शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।

55 लाख हस्ताक्षरों का ज्ञापन तैयार

कांग्रेस महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल ने बताया कि पार्टी ने कथित ‘वोट चोरी’ के खिलाफ करीब 55 लाख हस्ताक्षर एकत्र किए हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने सबूतों के साथ मतदाता सूची में गड़बड़ी का मुद्दा उठाया है और इसी के विरोध में 14 दिसंबर को यह विशाल रैली आयोजित की गई है।

विपक्ष को नहीं आया बुलावा 

हालांकि, इस रैली को लेकर एक बड़ा सवाल भी खड़ा हो गया है कि इसमें INDIA गठबंधन के अन्य दलों को क्यों नहीं बुलाया गया। वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने INDIA गठबंधन के तहत क्षेत्रीय दलों के साथ मिलकर चुनाव लड़ा था, जिसका उसे फायदा मिला और पार्टी की सीटें बढ़कर 99 तक पहुंच गई थीं। समाजवादी पार्टी, शिवसेना (यूबीटी), जेएमएम और एनसीपी (शरद पवार) जैसी पार्टियों को भी इसका लाभ मिला था। लेकिन लोकसभा चुनाव के बाद हरियाणा, महाराष्ट्र, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, दिल्ली और बिहार में हुए चुनावों में विपक्ष को लगातार झटके लगे, जिनमें कांग्रेस को सबसे अधिक नुकसान उठाना पड़ा। इन राजनीतिक घटनाक्रमों के बीच कांग्रेस की यह रैली विपक्षी राजनीति और मतदाता सूची को लेकर चल रही बहस में अहम मानी जा रही है।