ई-रिक्शा चार्जिंग के दौरान लगी भीषण आग, घर में सो रहे 4 लोग जिंदा जले, दो झुलसे
, मकान में ई-रिक्शा चलाने वाले कुछ लोग किराये पर रहते थे। उन्होंने ग्राउंड फ्लोर पर ई-रिक्शा पार्क कर रखा था। शनिवार रात एक ई-रिक्शा चार्जिंग पर भी लगा हुआ था। माना जा रहा है कि यहीं से आग लगी और चार लोग जिंदा जलकर मर गये
Fire Accident : ई-रिक्शा पार्किंग वाले हिस्से में लगी आग ने देखते ही देखते चार जिंदगी को राख में तब्दील कर दिया। यह दर्दनाक हादसा दिल्ली के शाहदरा स्थित विश्वास नगर में रविवार तड़के एक मकान में भीषण आग लगने से चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग झुलस गए। आग मकान के ग्राउंड फ्लोर पर बने ई-रिक्शा पार्किंग वाले हिस्से में लगी। शुरुआती जांच में ई-रिक्शा चार्जिंग पॉइंट से आग शुरू होने की आशंका जताई गई है। हादसे के वक्त मकान में कई लोग सो रहे थे।
घटना विश्वास नगर की गली नंबर-11 में यूनिटी मॉल के पास की है। दिल्ली अग्निशमन सेवा (DFS) के मुताबिक, रविवार सुबह करीब 4:13 बजे मकान में आग लगने की सूचना मिली। इसके बाद दमकल की तीन गाड़ियों को तत्काल मौके पर रवाना किया गया। इनमें एक वाटर टेंडर, एक वाटर बाउजर और एक क्विक रिस्पॉन्स व्हीकल शामिल था।
आग की गंभीरता को देखते हुए बाद में एक और दमकल गाड़ी भेजी गई। दमकलकर्मियों ने मकान की बीच वाली मंजिल पर फंसे छह लोगों को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया। वहीं, दो अन्य लोग करीब 10 प्रतिशत झुलसे हैं। उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
ई-रिक्शा चार्जिंग पॉइंट से आग लगने की आशंका
शाहदरा के डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि पुलिस को आग लगने की सूचना मिलने के बाद टीम तत्काल विश्वास नगर की गली नंबर-11 पहुंची। घटनास्थल पर चार लोगों की मौत हुई है, जबकि दो घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर है। डीसीपी के अनुसार, शुरुआती जांच में आग लगने की वजह ई-रिक्शा का चार्जिंग पॉइंट प्रतीत हो रहा है। पहली मंजिल पर सो रहे लोग भी इसकी चपेट में आ गए। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
पड़ोसियों ने बताया- ई-रिक्शा में हुआ था जोरदार धमाका
स्थानीय लोगों के मुताबिक, मकान में ई-रिक्शा चलाने वाले कुछ लोग किराये पर रहते थे। उन्होंने ग्राउंड फ्लोर पर ई-रिक्शा पार्क कर रखा था। शनिवार रात एक ई-रिक्शा चार्जिंग पर भी लगा हुआ था। एक पड़ोसी ने बताया कि तड़के करीब 3:30 बजे आग लगी थी। आग लगने के कुछ देर बाद ई-रिक्शा में जोरदार धमाका हुआ, जिसके बाद लपटें तेजी से फैलने लगीं। जब तक दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, तब तक आग काफी विकराल रूप ले चुकी थी।
फिलहाल दमकल विभाग ने आग पर काबू पा लिया है। वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी करते रहे। पुलिस आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है।