बिहार में खेल प्रतिभाओं को मिलेगा बढ़ावा, दिसंबर से शुरू होगा चार महीने का खेल कैलेंडर; 20 जगह बनेंगे स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। कई खिलाड़ी भारतीय टीम का हिस्सा बनकर देश का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। यह पूरे राज्य के लिए गर्व की बात है।

Samrat Choudhary
Samrat Choudhary- फोटो : news4nation

Bihar News :  मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा है कि बिहार में खेल और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए सरकार कई स्तरों पर काम कर रही है। दिसंबर महीने से चार माह का खेल कैलेंडर तैयार कर विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन कराया जाएगा। वहीं, राज्य में करीब 20 स्थानों पर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनाए जा रहे हैं। पटना के ऊर्जा स्टेडियम में 10 हजार दर्शकों की क्षमता वाली गैलरी का भी निर्माण कराया जाएगा।


मुख्यमंत्री रविवार को पटना के ऊर्जा स्टेडियम में आयोजित सारण क्रिकेट लीग-2026 के ग्रैंड फिनाले और पुरस्कार वितरण समारोह में शामिल हुए। उन्होंने एकमा चैलेंजर्स और गरखा राइडर्स के बीच खेले गए फाइनल मुकाबले का आनंद लिया। रोमांचक मुकाबले में गरखा राइडर्स ने जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया। मुख्यमंत्री ने विजेता और उपविजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने बिहार में खेलों के विकास को लेकर सरकार की योजनाओं और प्राथमिकताओं की जानकारी दी।


सीएम सम्राट की प्रमुख घोषणाएं और बातें

दिसंबर से चार महीने का खेल कैलेंडर: मुख्यमंत्री ने कहा कि दिसंबर से चार महीने का खेल कैलेंडर बनाकर राज्य में अलग-अलग खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इससे युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने और प्रतिस्पर्धा में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। 20 जगह बनेंगे स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स: बिहार में करीब 20 स्थानों पर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निर्माण कराया जा रहा है। इनमें हॉकी, बैडमिंटन, क्रिकेट समेत विभिन्न खेलों के लिए जरूरी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। जिलों में मशाल अभियान भी चलाया जा रहा है। ऊर्जा स्टेडियम में बनेगी 10 हजार दर्शकों की गैलरी: पटना के ऊर्जा स्टेडियम को और विकसित किया जाएगा। यहां 10 हजार दर्शकों के बैठने की क्षमता वाली गैलरी का निर्माण कराया जाएगा।


मोइनुल हक स्टेडियम बनेगा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम: 

मुख्यमंत्री ने बताया कि पटना के मोइनुल हक स्टेडियम को अंतरराष्ट्रीय स्तर के क्रिकेट स्टेडियम के रूप में विकसित करने की योजना है। इसके लिए अगले महीने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के हाथों शिलान्यास कराया जाएगा। मेडल लाओ, नौकरी पाओ योजना: मुख्यमंत्री ने कहा कि खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए सरकार मेडल लाओ, नौकरी पाओ की व्यवस्था लागू कर रही है। इसके तहत गोपालगंज के मुकेश कुमार और सासाराम के आकाशदीप को डीएसपी के पद पर नियुक्ति दी गई है।


स्थानीय प्रतिभाओं को मिलेगा मौका

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। कई खिलाड़ी भारतीय टीम का हिस्सा बनकर देश का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। यह पूरे राज्य के लिए गर्व की बात है।


उन्होंने सारण क्रिकेट लीग के आयोजन के लिए सांसद राजीव प्रताप रूडी, आयोजक अरविंद कुमार और पूरी आयोजन टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताओं से ग्रामीण और स्थानीय स्तर पर छिपी प्रतिभाओं को सामने आने का मौका मिलता है। इस अवसर पर सांसद राजीव प्रताप रूडी, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, सारण के जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव समेत कई अधिकारी, खिलाड़ी और आयोजन समिति के सदस्य मौजूद रहे।