Sunjay Kapur Death: करिश्मा कपूर के पूर्व पति की मौत के 7 दिन बाद दिल्ली में हुआ अंतिम संस्कार, 15 साल के बेटे ने दी मुखाग्नि, रोती दिखीं एक्ट्रेस
Sunjay Kapur Death: करिश्मा कपूर के पूर्व पति संजय कपूर की मौत के 7 दिन बाद दिल्ली में अंतिम संस्कार हुआ। 15 साल के बेटे ने अपने पिता को मुखाग्नि दी। इस दौरान करिश्मा कपूर रोती दिखीं।
Sunjay Kapur Death: बॉलीवुड अभिनेत्री करिश्मा कपूर के पूर्व पति और मशहूर बिजनेसमैन संजय कपूर का अंतिम संस्कार गुरुवार को दिल्ली के लोधी रोड स्थित श्मशान घाट में किया गया। 53 वर्षीय संजय कपूर का निधन 12 जून को इंग्लैंड में पोलो खेलते समय दिल का दौरा पड़ने से हो गया था। अंतिम संस्कार के दौरान करिश्मा कपूर अपने दोनों बच्चों समायरा और कियान के साथ मौजूद रहीं। इस मौके पर करिश्मा कपूर काफी भावुक दिखीं और अपने बच्चों को गले लगाकर रोती नजर आईं।
करिश्मा के बेटे ने दी मुखाग्नि
करीबी सूत्रों के मुताबिक, अंतिम संस्कार की सभी रस्में संजय और करिश्मा के बेटे कियान ने निभाईं और उन्होंने ही अपने पिता को मुखाग्नि दी। संजय कपूर की तीसरी पत्नी प्रिया सचदेव भी अपने बेटे अजारियस और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ अंतिम संस्कार में शामिल हुईं। इस दौरान करिश्मा कपूर की बहन करीना कपूर और जीजा सैफ अली खान भी मौजूद रहे और उन्होंने करिश्मा को संभाला।
तीन शादियों से जुड़ा रहा संजय कपूर का जीवन
संजय कपूर की निजी जिंदगी भी चर्चाओं में रही। उनकी पहली शादी डिजाइनर नंदिता महतानी से हुई थी जो चार साल में ही टूट गई। इसके बाद 2003 में उन्होंने करिश्मा कपूर से शादी की थी। जिससे उन्हें दो बच्चे – समायरा और कियान हुए। हालांकि, यह शादी भी 2016 में तलाक के साथ खत्म हो गई। संजय ने 2017 में मॉडल और उद्यमी प्रिया सचदेव से तीसरी शादी की। जिनसे उन्हें एक बेटा अजारियस है।
प्रेयर मीट 22 जून को
संजय कपूर की प्रार्थना सभा 22 जून को दिल्ली के ताज पैलेस होटल में शाम 4 से 5 बजे के बीच आयोजित की जाएगी। फैमिली की ओर से जारी नोट में उनकी मां रानी सुरिंदर कपूर, पत्नी प्रिया सचदेव, करिश्मा कपूर और उनके दोनों बच्चों का नाम शामिल किया गया है।
मधुमक्खी के डंक से हुआ कार्डियक अरेस्ट
संजय कपूर की मौत को लेकर सामने आई जानकारी के अनुसार, इंग्लैंड में पोलो मैच के दौरान उन्होंने गलती से एक मधुमक्खी निगल ली थी। मधुमक्खी के डंक के कारण उन्हें गंभीर एलर्जी और कार्डियक अरेस्ट हुआ, जिससे उनकी मौत हो गई। संजय कपूर के असामयिक निधन से उनका परिवार, करीबी और बॉलीवुड इंडस्ट्री गहरे शोक में है।