शरजील इमाम और उमर खालिद को सुप्रीम झटका, कोर्ट ने अंतरिम जमानत देने से किया इंकार
उत्तर-पूर्वी दिल्ली में हुए दंगों के पीछे कथित 'व्यापक साजिश' से जुड़े मामले में आरोपी जेल में बंद शरजील इमाम और उमर खालिद को बड़ा झटका लगा है। सुप्रीमो कोर्ट ने दोनो को अंतरिम जमानत देने से इंकार कर दिया है।
N4N Desk : सुप्रीम कोर्ट ने फरवरी 2020 में उत्तर-पूर्वी दिल्ली में हुए दंगों के पीछे कथित 'व्यापक साजिश' से जुड़े गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) के तहत दर्ज मामले में कार्यकर्ता शरजील इमाम और उमर खालिद को बुधवार, 25 नवंबर 2026 को फिलहाल अंतरिम जमानत देने से इनकार कर दिया। चीफ जस्टिस सूर्यकांत, न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची और न्यायमूर्ति वी मोहना की बेंच ने दिल्ली हाई कोर्ट के जमानत अस्वीकार करने के आदेश को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी कर जवाब मांगा।
कपिल सिब्बल और सिद्धार्थ दवे ने की अंतरिम राहत की मांग, पुलिस का पक्ष सुनने पर जोर
सुनवाई के दौरान उमर खालिद की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल ने अंतरिम जमानत देने का अनुरोध किया, जबकि शरजील इमाम की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता सिद्धार्थ दवे ने भी लंबे समय से जेल में बंद रहने का हवाला देते हुए इसी तरह की राहत मांगी। हालांकि, बेंच ने तत्काल अंतरिम जमानत देने से इनकार करते हुए कहा कि अंतरिम जमानत के अनुरोध पर विचार करने से पहले पुलिस का पक्ष सुना जाएगा।
संदर्भ आदेश और टिप्पणियों के विरोधाभास पर तीन जजों की बेंच बनाने का निर्देश
बहस के दौरान सिद्धार्थ दवे ने कहा कि संदर्भ आदेश का मौजूदा याचिकाओं पर कोई असर नहीं पड़ता क्योंकि वे जनवरी में हुए पहले के फैसले के अनुसार दायर की गई थीं, जिसमें एक साल बाद जमानत के लिए आवेदन की अनुमति दी गई थी, जबकि सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने कहा कि रेफरेंस ऑर्डर भी उसी एफआईआर में पारित किया गया था। चीफ जस्टिस ने टिप्पणियों के विरोधाभास को देखते हुए कहा कि उन्हें इस मुद्दे की जांच के लिए तीन जजों की बेंच बनानी होगी और मामले को प्रशासनिक पक्ष पर तीन जजों की बेंच के गठन के लिए सीजेआई के समक्ष रखने का निर्देश दिया गया।
संरक्षित गवाहों से पूछताछ न होने व एक साल की अवधि पूरी होने की दलील
दाखिल याचिकाओं में दोनों कार्यकर्ताओं ने दलील दी है कि अभियोजन पक्ष संरक्षित गवाहों से पूछताछ करने में विफल रहा है और सुप्रीम कोर्ट द्वारा लगाई गई एक साल की रोक की अवधि समाप्त होने वाली है। उल्लेखनीय है कि सीएए, 2019 और एनआरसी के विरोध प्रदर्शनों के दौरान उत्तर-पूर्वी दिल्ली में हिंसा भड़कने के बाद इस मामले में इमाम को 25 अगस्त 2020 और खालिद को 13 सितंबर 2020 को गिरफ्तार किया गया था।
पुलिस जवाब और तीन जजों की बेंच के गठन की प्रक्रिया पर टिकी निगाहें
बेंच ने स्पष्ट किया कि उसे जनवरी के फैसले के तहत एक साल की जेल अवधि पूरी होने की जानकारी है और मुख्य मामले में नोटिस जारी किया जाएगा। अब दिल्ली पुलिस के जवाब तथा तीन जजों की बेंच के गठन से जुड़ी आगे की न्यायिक प्रक्रिया पर नजर बनी हुई है।