Bihar News : मुजफ्फरपुर पुलिस ने कांटी से 8 सट्टेबाजों को किया गिरफ्तार, एक लाख रुपये से अधिक कैश और क्यूआर कोड किया बरामद

Bihar News : मुजफ्फरपुर पुलिस ने एक बार फिर सख्त कार्रवाई करते हुए कांटी थाना क्षेत्र से 8 सट्टेबाजों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है.....पढ़िए आगे

Bihar News : मुजफ्फरपुर पुलिस ने कांटी से 8 सट्टेबाजों को कि
सट्टेबाज गिरफ्तार - फोटो : MANIBHUSHAN

MUZAFFARPUR : मुजफ्फरपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेश कुमार मिश्रा के निर्देश पर जिले में सट्टेबाजों और अवैध जुआ गिरोहों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक बार फिर सख्त कार्रवाई करते हुए कांटी थाना क्षेत्र से 8 सट्टेबाजों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। इन आरोपियों के पास से लाखों रुपये नकद और डिजिटल लेन-देन से जुड़े कई अहम साक्ष्य बरामद किए गए हैं।

दरअसल, मुजफ्फरपुर पुलिस कप्तान कांतेश कुमार मिश्रा के आदेश पर पूरे जिले में सट्टेबाजी के नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। इसी क्रम में एसडीपीओ वेस्ट-1 सुचित्रा कुमारी को गुप्त सूचना मिली थी कि कांटी थाना क्षेत्र के दामोदरपुर पठान टोली इलाके में सट्टेबाजों का एक बड़ा गिरोह सक्रिय है और बड़े पैमाने पर अवैध खेल चल रहा है।

गुप्त सूचना मिलते ही एसडीपीओ वेस्ट-1 सुचित्रा कुमारी ने तत्काल संज्ञान लिया और कांटी थाने की पुलिस टीम को त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया। वरीय अधिकारियों का निर्देश प्राप्त होते ही कांटी थाना पुलिस ने दल-बल के साथ दामोदरपुर पठान टोली स्थित ठिकाने पर घेराबंदी कर छापेमारी की। पुलिस की इस अचानक हुई कार्रवाई से मौके पर हड़कंप मच गया और टीम ने घेराबंदी कर सभी 8 सट्टेबाजों को दबोच लिया।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से कुल 1 लाख 325 रुपये नकद, ताश के पत्ते, बैंक के क्यूआर कोड और सट्टेबाजी में इस्तेमाल होने वाले अन्य सामान जब्त किए हैं। क्यूआर कोड की बरामदगी से यह भी संकेत मिल रहा है कि गिरोह द्वारा नकद के साथ-साथ ऑनलाइन माध्यम से भी सट्टे की रकम का लेन-देन किया जा रहा था।मामले की जानकारी देते हुए एसडीपीओ वेस्ट-1 सुचित्रा कुमारी ने बताया कि एसएसपी के निर्देश पर कांटी थाना पुलिस द्वारा यह सफल कार्रवाई की गई है। उन्होंने पुष्टि की कि गिरफ्तार किए गए सभी 8 आरोपियों से थाने में गहन पूछताछ की गई है, जिसके बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए सभी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

मणिभूषण की रिपोर्ट