Amrit Bharat: रेलवे का जनसुविधा का एलान, अमृत भारत और वंदे भारत स्लीपर में इमरजेंसी कोटा लागू, यात्रा में मिलेगी ये राहत
Amrit Bharat: भारतीय रेलवे ने यात्रियों की सहूलियत के नाम पर एक अहम फैसला लेते हुए अमृत भारत और वंदे भारत स्लीपर ट्रेनों में इमरजेंसी कोटा लागू करने का एलान किया है। रेलवे बोर्ड के ताजा फरमान के मुताबिक अब खास आपात हालात में कुछ सीटें सुरक्षित रखी जाएंगी, ताकि अचानक सफर की मजबूरी झेल रहे मुसाफिरों को राहत मिल सके। इस कदम को सरकार की जनपक्षधर नीति और संवेदनशील प्रशासनिक रवैये के तौर पर पेश किया जा रहा है।
रेलवे बोर्ड के आदेश के अनुसार जिन अमृत भारत ट्रेनों में सात या उससे अधिक स्लीपर कोच होंगे, उनमें 24 बर्थ इमरजेंसी कोटा के तहत रिजर्व रहेंगी। दलील यह दी गई है कि जब ट्रेन फुल हो और किसी को चिकित्सकीय, पारिवारिक या सरकारी कारणों से तत्काल यात्रा करनी पड़े, तो उसे दर-दर की ठोकरें न खानी पड़ें। यह व्यवस्था एडवांस रिजर्वेशन पीरियड (ARP) से ही लागू रहेगी, यानी टिकट बुकिंग खुलते ही यह कोटा सिस्टम में दर्ज रहेगा।
वहीं वंदे भारत स्लीपर ट्रेनों में प्रथम एसी (1A), द्वितीय एसी (2A) और तृतीय एसी (3A) श्रेणियों में अलग-अलग सीटें इमरजेंसी कोटा के तहत सुरक्षित की जाएंगी। सप्ताह के दिनों और वीकेंड की मांग को देखते हुए सीटों का बंटवारा तय किया गया है, ताकि जरूरतमंदों को प्राथमिकता दी जा सके। रेलवे का दावा है कि इससे पारदर्शिता भी बनी रहेगी और सीट आवंटन की प्रक्रिया में किसी तरह की मनमानी की गुंजाइश कम होगी।
अब तक इन प्रीमियम ट्रेनों में इमरजेंसी कोटा का प्रावधान नहीं था, जिससे आकस्मिक परिस्थितियों में यात्रियों को भारी मशक्कत करनी पड़ती थी। नए फैसले को सियासी हलकों में जनसुविधा को साधने की रणनीति के तौर पर भी देखा जा रहा है। बहरहाल, अगर यह व्यवस्था ईमानदारी से लागू हुई तो लंबी दूरी के सफर में यह राहत का सबब साबित हो सकती है और रेलवे की छवि को नई मजबूती दे सकती है।