BJP leader Passes Away: भाजपा के वरिष्ठ नेता ने दुनिया को कहा अलविदा, कभी पूर्व पीएम को दी थी शिकश्त, जानिए राजनीतिक सफर

BJP leader Passes Away: भाजपा के वरिष्ठ नेता और दिल्ली बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष ने 94 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कह दिया। दिवंगत नेता ने एक समय में पूर्व प्रधानमंत्री को भी चुनाव में हार का मजा चखाया था।

BJP leader Passes Away- फोटो : social media

BJP leader Passes Away:  भाजपा के वरिष्ठ नेता और दिल्ली भाजपा के पहले अध्यक्ष प्रो. विजय कुमार मल्होत्रा ने दुनिया को अलविदा कह दिया है। मंगलवार सुबह प्रो. विजय कुमार मल्होत्रा का निधन हो गया। दरअसल, पिछले कुछ दिनों से दिल्ली एम्स में उनका इलाज चल रहा था, जहां आज सुबह लगभग 6 बजे उन्होंने 94 वर्ष की उम्र में अंतिम सांस ली। उनके निधन से राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर दौड़ गई है।

दिल्ली के पहले प्रदेश अध्यक्ष का निधन 

दिल्ली भाजपा के वर्तमान अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा सहित अन्य नेताओं ने अपने शोक संदेश में उन्हें श्रद्धांजलि दी। बता दें कि मल्होत्रा ने अटल बिहारी वाजपेयी और लालकृष्ण आडवाणी के साथ संघ से निकलकर जनसंघ के माध्यम से राजनीति में कदम रखा था। उन्होंने दिल्ली में संघ की विचारधारा के विस्तार और जनसंघ/भाजपा की मजबूती में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

जन्म और राजनीतिक सफर

मल्होत्रा का जन्म 3 दिसंबर 1931 को लाहौर में हुआ था। वे कविराज खजान चंद की सात संतानों में चौथे थे। दिल्ली प्रदेश जनसंघ के अध्यक्ष (1972-75) और दो बार दिल्ली भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष (1977-80, 1980-84) रहे। उन्होंने दिल्ली में भाजपा को लंबे समय तक मजबूत बनाए रखने में केदारनाथ साहनी और मदनलाल खुराना के साथ योगदान दिया।

पूर्व प्रधानमंत्री को दी थी शिकश्त

उनकी सबसे यादगार राजनीतिक उपलब्धि 1999 के लोकसभा चुनाव में पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को दक्षिण दिल्ली सीट से हराना रही। मल्होत्रा दिल्ली से 5 बार सांसद और 2 बार विधायक रह चुके हैं। 2004 के आम चुनाव में वह दिल्ली से भाजपा के अकेले जीतने वाले उम्मीदवार थे। मल्होत्रा को राजनीति के अलावा हिंदी साहित्य में डॉक्टरेट, शतरंज और तीरंदाजी क्लबों के प्रशासन में योगदान और सामाजिक कार्यों के लिए भी जाना जाता था। वे हमेशा अपनी बेदाग और स्वच्छ छवि के लिए याद किए जाएंगे।