बिहार के BJP विधायक की विधायकी पर लटकी तलवार! सुप्रीम कोर्ट से झटका, अब हाईकोर्ट में होगा फैसला

सुप्रीम कोर्ट ने विधायक राजेश कुमार सिंह की याचिका खारिज कर दी है। विधायक ने पटना हाईकोर्ट के उस आदेश को चुनौती दी थी, जिसमें उनके निर्वाचन को अमान्य घोषित करने की मांग वाली चुनाव याचिका खारिज करने से इनकार किया गया था।

सुप्रीम कोर्ट ने बिहार के मोहिउद्दीननगर विधायक राजेश कुमार सिंह की याचिका खारिज की- फोटो : news 4 nation

बिहार के मोहिउद्दीननगर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक राजेश कुमार सिंह की याचिका खारिज कर दी। इस याचिका के जरिए सिंह ने उस चुनाव याचिका को रद्द कराने की मांग की थी, जिसमें मोहिउद्दीननगर सीट से उनके निर्वाचन को अमान्य घोषित करने की अपील की गई है।


आपराधिक रिकॉर्ड और आय के विवरण का आरोप

विधायक पर चुनाव के दौरान अपने आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी छिपाने और आय का अधूरा विवरण देने का आरोप लगाते हुए निर्वाचन रद्द करने की मांग की गई है। राजेश कुमार सिंह ने पटना हाईकोर्ट के 12 अगस्त के आदेश को चुनौती देते हुए सुप्रीम कोर्ट का रुख किया था। उनकी याचिका पर जस्टिस विक्रम नाथ और जस्टिस अपरेश कुमार सिंह की पीठ ने सुनवाई की और इसे खारिज कर दिया।


विधायक के वकील की दलील

सुनवाई के दौरान राजेश कुमार सिंह के वकील ने दलील दी कि वे चुनाव जीतने वाले उम्मीदवार हैं और उनके खिलाफ चुनाव याचिका दाखिल की गई है, जिसमें आपराधिक रिकॉर्ड छिपाने का आरोप है। वकील ने पीठ को बताया कि विधायक ने पहले हाईकोर्ट में चुनाव याचिका को खारिज करने की अर्जी दी थी, जिसमें यह तर्क दिया गया था कि याचिका कानूनी रूप से सही नहीं है और इसमें कार्रवाई का कोई ठोस आधार नहीं है।


आरोपों के गुण-दोष पर टिप्पणी नहीं

सुप्रीम कोर्ट ने याचिका खारिज करते हुए स्पष्ट किया कि उसने विधायक के खिलाफ लगाए गए आरोपों के गुण-दोष (merits) पर कोई फैसला नहीं दिया है। शीर्ष अदालत का यह रुख चुनाव याचिका की प्रारंभिक चुनौती को लेकर रहा।


पटना हाईकोर्ट में जारी रहेगी सुनवाई

सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद अब मोहिउद्दीननगर विधानसभा सीट से जुड़ी चुनाव याचिका पर पटना हाईकोर्ट में सुनवाई जारी रहेगी। इससे पहले हाईकोर्ट भी चुनाव याचिका को खारिज करने की सिंह की मांग ठुकरा चुका था। अब हाईकोर्ट ही यह तय करेगा कि राजेश कुमार सिंह की विधायकी बरकरार रहेगी या समाप्त होगी, जिसे लेकर क्षेत्र में चर्चा तेज है।