राहुल गांधी को सुप्रीम कोर्ट से राहत, भाजपा नेता के आरोपों पर जारी हाईकोर्ट का आदेश रद्द

बीजेपी नेता विग्नेश शिशिर ने राहुल गांधी के खिलाफ याचिका दायर कर आरोप लगाया था कि उनके पास आय के ज्ञात स्रोतों से अधिक संपत्ति है। इसी याचिका पर सुनवाई करते हुए इलाहाबाद हाईकोर्ट ने मई में CBI और ED को शिकायत में लगाए गए

Supreme Court on ahul Gandhi- फोटो : news4nation

Rahul Gandhi :  कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को आय से अधिक संपत्ति के आरोपों से जुड़े मामले में सुप्रीम कोर्ट से राहत मिली है। सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को इलाहाबाद हाईकोर्ट के उस आदेश को रद्द कर दिया, जिसमें केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) और प्रवर्तन निदेशालय (ED) को राहुल गांधी के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के आरोपों की जांच कर स्टेटस रिपोर्ट दाखिल करने का निर्देश दिया गया था। शीर्ष अदालत ने मामले को नए सिरे से विचार के लिए इलाहाबाद हाईकोर्ट वापस भेज दिया है।


मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली तीन सदस्यीय पीठ में जस्टिस जॉयमाल्य बागची और जस्टिस वी. मोहना भी शामिल थे। पीठ ने कहा कि इलाहाबाद हाईकोर्ट बीजेपी सदस्य विग्नेश शिशिर की ओर से दायर याचिका पर नए सिरे से विचार करे। इसमें याचिका की सुनवाई योग्य होने यानी उसकी मेंटेनेबिलिटी के सवाल पर भी विचार किया जाएगा।


 सुप्रीम कोर्ट ने उठाए थे सवाल

इससे पहले राहुल गांधी की ओर से दायर याचिका पर सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने सवाल उठाया था कि हाईकोर्ट ने उन्हें सुने बिना जांच एजेंसियों को निर्देश कैसे दे दिया। पीठ ने कहा था कि अदालतों से अपेक्षा की जाती है कि वे कोई निर्देश जारी करते समय प्राकृतिक न्याय के सिद्धांतों का पालन करें। इसके बाद सुप्रीम कोर्ट ने हाईकोर्ट को मामले की सुनवाई स्थगित रखने को कहा था।


बुधवार को शीर्ष अदालत ने मामले को वापस हाईकोर्ट भेजते हुए राहुल गांधी की याचिका का निपटारा कर दिया। हालांकि, राहुल गांधी ने इस मामले को इलाहाबाद हाईकोर्ट से दिल्ली हाईकोर्ट स्थानांतरित करने की मांग भी अलग से की है।


बीजेपी नेता ने लगाए थे आरोप

दरअसल, बीजेपी नेता विग्नेश शिशिर ने राहुल गांधी के खिलाफ याचिका दायर कर आरोप लगाया था कि उनके पास आय के ज्ञात स्रोतों से अधिक संपत्ति है। इसी याचिका पर सुनवाई करते हुए इलाहाबाद हाईकोर्ट ने मई में CBI और ED को शिकायत में लगाए गए आरोपों का सत्यापन करने का निर्देश दिया था। हाईकोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया था कि जांच एजेंसियां कानून के तहत उचित कदम उठा सकती हैं।


बीजेपी नेता ने इससे पहले राहुल गांधी पर दोहरी नागरिकता रखने का आरोप लगाते हुए भी याचिकाएं दायर की थीं।