Bihar Politics: कांग्रेस नेताओं का बिहार आना 'राजनीतिक तामाशा', पटना पहुंचते ही विपक्ष पर भड़के अनुराग ठाकुर, कांग्रेस का वजूद नहीं....
Bihar Politics:

Bihar Politics: केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर सोमवार को पटना पहुंचे। पटना एयरपोर्ट पर उन्होंने मीडियाकर्मियों से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने विपक्ष पर जोरदार हमला बोला। अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन पर तीखा हमला करते हुए कहा कि कांग्रेस का बिहार में कोई वजूद नहीं बचा है और चुनावी वर्ष में कांग्रेस नेताओं का बिहार आना केवल "राजनीतिक तमाशा" है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि 'कांग्रेस के आने से बिहार में फिर से जंगलराज आ जाएगा।'
एनडीए सरकार की उपलब्धियां गिनाईं
अनुराग ठाकुर ने जदयू-भाजपा गठबंधन की सरकार की सराहना करते हुए कहा कि बिहार में सड़क, रेल और निवेश के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य हुए हैं। उन्होंने कहा कि, 'पिछले वर्षों में हजारों करोड़ रुपए के निवेश से बिहार को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया गया है। आने वाले पांच साल बिहार के विकास के लिए बेहद महत्वपूर्ण होंगे।'
प्रधानमंत्री के दौरे को बताया बिहार प्रेम का प्रतीक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगामी बिहार दौरे को लेकर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का बिहार प्रेम जगजाहिर है। 'प्रधानमंत्री हजारों करोड़ की योजनाओं की सौगात लेकर आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि, 'चाहे सड़क हो, रेलवे हो, नेशनल हाईवे हो...सभी क्षेत्रों में केंद्र सरकार ने बिहार को मजबूत किया है।'
भीमराव अंबेडकर पर कांग्रेस को घेरा
भीमराव अंबेडकर को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा कि, 'कांग्रेस ने बाबा साहब को जीवनभर प्रताड़ित किया। एनसीईआरटी की किताबों में दिखाया गया है कि किस तरह नेहरू जी ने अंबेडकर के साथ व्यवहार किया। कांग्रेस को दलितों और महादलितों से माफी मांगनी चाहिए।' उन्होंने कहा कि भाजपा ने ही अंबेडकर को सच्चा सम्मान दिया।
राहुल गांधी पर भी साधा निशाना
केंद्रीय मंत्री ने राहुल गांधी पर भी जोरदार हमला करते हुए कहा कि, "कांग्रेस के युवराज" देश की छवि को विदेशों में खराब करते हैं। 'कभी चुनाव आयोग पर, कभी लोकतांत्रिक संस्थाओं पर सवाल उठाकर कांग्रेस देश को बदनाम करती है। कांग्रेस का आंतरिक लोकतंत्र खत्म हो चुका है और यह अब केवल एक परिवार की पार्टी बनकर रह गई है।'
न्यायपालिका और कांग्रेस पर तीखी टिप्पणी
भाजपा सांसद निशिकांत दुबे के बयान पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा न्यायपालिका का सम्मान करती रही है और करती रहेगी। 'कांग्रेस को यह याद रखना चाहिए कि नेहरू जी के दौर में कैसे सरकार और न्यायपालिका आमने-सामने थे, और इमरजेंसी के समय कांग्रेस ने जजों के घरों की बिजली तक काट दी थी।'
तेजस्वी यादव के दावे पर किया कटाक्ष
तेजस्वी यादव के "मुख्यमंत्री बनने" के दावे पर प्रतिक्रिया देते हुए ठाकुर ने कहा कि, 'क्या उनका गठबंधन उन्हें नेता मानता है? जिनकी विचारधारा और नीति स्पष्ट नहीं, वे खुद तय नहीं कर पा रहे कि कौन अगुवा है। ऐसे गठबंधन का नेतृत्व सवालों के घेरे में है।' उन्होंने यह भी बताया कि वे आज शाम पश्चिम बंगाल के दौरे पर रवाना होंगे।
पटना से अभिजीत की रिपोर्ट