पवन सिंह ने परिवार और खानदान से तोड़ा नाता! भोजपुरी एक्टर का मां और भाई के लिए भावुक पोस्ट

पोस्ट में पवन सिंह ने लिखा, 'मेरा मेरे पूरे परिवार से और खानदान से आज और अभी से कोई रिश्ता नहीं है।' पवन सिंह और ज्योति सिंह के बीच तलाक और भरण-पोषण से जुड़ा मामला भी चल रहा है।

Pawan Singh - फोटो : news4nation

 Pawan Singh :  भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के चर्चित अभिनेता और गायक पवन सिंह एक बार फिर निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में हैं। इस बार उन्होंने सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा कर अपने पूरे परिवार और खानदान से रिश्ता खत्म करने का ऐलान किया है। हालांकि, उन्होंने पोस्ट में विवाद की वजह या किसी व्यक्ति का नाम स्पष्ट नहीं किया है।


पवन सिंह ने अपनी पोस्ट की शुरुआत भोजपुरी की इन पंक्तियों से की- 'जब घर के चक्कर में पड़ जालें आदमी, सब वेद शास्त्र भुला जालें आदमी।' इसके बाद उन्होंने लिखा कि बर्दाश्त की सीमा पार होने के बाद वह बेहद दुखी होकर यह पोस्ट कर रहे हैं। उन्होंने भोजपुरी समाज के लोगों से हाथ जोड़कर माफी भी मांगी है।


पोस्ट में पवन सिंह ने लिखा, 'मेरा मेरे पूरे परिवार से और खानदान से आज और अभी से कोई रिश्ता नहीं है।' हालांकि, इसी पोस्ट में उन्होंने अपनी मां और सबसे बड़े भाई रानू सिंह के प्रति प्रेम जताते हुए कहा कि जब तक जिंदा हैं, उनके लिए उनकी जान हाजिर है।


उन्होंने खुद को भोजपुरी समाज के परिवार का एक छोटा सदस्य बताते हुए अपनी बात खत्म की। पवन सिंह की इस पोस्ट के सामने आने के बाद उनके प्रशंसकों और भोजपुरी समाज के बीच इसे लेकर चर्चा शुरू हो गई है।


पहले भी निजी जिंदगी को लेकर चर्चा में रहे हैं पवन सिंह

पवन सिंह की निजी जिंदगी पिछले कई वर्षों से सुर्खियों में रही है। उनकी वैवाहिक जिंदगी से जुड़े विवाद भी लगातार सार्वजनिक चर्चा का विषय बने हैं। उनकी पहली पत्नी नीलम सिंह का वर्ष 2015 में निधन हो गया था। इसके बाद मार्च 2018 में उन्होंने ज्योति सिंह से शादी की। बाद में दोनों के रिश्तों में तनाव की खबरें सामने आईं और मामला अदालत तक पहुंचा।


पवन सिंह और ज्योति सिंह के बीच तलाक और भरण-पोषण से जुड़ा मामला भी चल रहा है। हालिया रिपोर्ट के मुताबिक, नवंबर 2026 में बलिया फैमिली कोर्ट में भरण-पोषण मामले की सुनवाई के दौरान ज्योति सिंह ने अपना बयान दर्ज कराया था।  


राजनीति में भी सक्रिय हैं पवन सिंह

फिल्मों और गायकी के साथ पवन सिंह अब राजनीति में भी सक्रिय हैं। वह भारतीय जनता पार्टी से जुड़े हैं और बिहार विधान परिषद के सदस्य हैं। जुलाई 2026 में उन्होंने अन्य नवनिर्वाचित सदस्यों के साथ विधान परिषद की सदस्यता की शपथ ली थी। < 


फिलहाल उनकी नई पोस्ट में परिवार से अलग होने के फैसले के पीछे की वजह सामने नहीं आई है। उन्होंने यह भी स्पष्ट नहीं किया है कि उनका इशारा परिवार के किन सदस्यों की ओर है। ऐसे में अब सबकी नजर इस बात पर है कि पवन सिंह इस पोस्ट के बाद कोई और सफाई देते हैं या परिवार से जुड़े विवाद पर आगे कुछ कहते हैं।