Bhojpuri bawal: काजल राघवानी के आरोपों पर फिर बवाल! निरहुआ-आम्रपाली के सामने प्रोड्यूसर प्रेम जी ने मांगा सबूत
Bhojpuri bawal: ‘भोजपुरी बवाल’ में काजल राघवानी के निरहुआ और आम्रपाली दुबे पर लगाए पुराने आरोपों पर फिर बहस हुई। प्रोड्यूसर प्रेम जी ने गाने को लेकर सफाई दी और सबूत दिखाने की बात कही।
Bhojpuri bawal: भोजपुरी सिनेमा के चर्चित कलाकार दिनेश लाल यादव निरहुआ, आम्रपाली दुबे और काजल राघवानी एक बार फिर सुर्खियों में हैं। जियो हॉटस्टार के शो ‘भोजपुरी बवाल’ में काजल राघवानी ने निरहुआ और आम्रपाली पर कई गंभीर आरोप लगाए थे। अब शो के नए एपिसोड के प्रोमो में इन आरोपों को लेकर काजल का प्रोड्यूसर प्रेम जी से सीधा सामना कराया गया है। प्रोमो में बातचीत के दौरान माहौल काफी गर्म नजर आ रहा है। काजल के पुराने आरोपों पर निरहुआ ने प्रोड्यूसर से सीधे सवाल किए, जिसके बाद प्रेम जी ने भी इन आरोपों को गलत बताया।
‘आशिक आवारा’ के गाने को लेकर फिर उठा विवाद
प्रोमो में निरहुआ प्रोड्यूसर प्रेम जी से पूछते हैं कि भोजपुरी फिल्म ‘आशिक आवारा’ में ऐसा कौन सा गाना था, जिसे काजल से लेकर आम्रपाली को दिया गया था। निरहुआ का सवाल सीधे तौर पर काजल के उस पुराने आरोप से जुड़ा है, जिसमें उन्होंने दावा किया था कि फिल्म में उनके लिए तय गाना बाद में आम्रपाली और निरहुआ पर फिल्माया गया। इसके बाद प्रोड्यूसर प्रेम जी काजल से पूछते हैं कि उन्हें यह बात किसने बताई थी। काजल इस सवाल पर कुछ हिचकती हुई दिखाई देती हैं।
आम्रपाली ने भी काजल से किया सवाल
प्रोमो में आम्रपाली दुबे भी काजल के आरोपों पर नाराजगी जाहिर करती नजर आती हैं। वह सवाल करती हैं कि क्या यहां मौजूद सभी प्रोड्यूसर और कलाकार गलत हैं और सिर्फ काजल ही सही हैं। प्रोड्यूसर प्रेम जी आरोपों को पूरी तरह गलत बताते हुए काजल से सबूत दिखाने की बात कहते हैं। इसके बाद प्रोमो में काजल भावुक होती नजर आती हैं और उनकी आंखों में आंसू दिखाई देते हैं। आम्रपाली भी भावुक नजर आती हैं। अब शो के अगले एपिसोड में यह साफ होगा कि इस विवाद में आगे क्या खुलासा होता है और काजल के आरोपों पर प्रोड्यूसर की सफाई के बाद मामला किस दिशा में जाता है।
काजल ने पहले भी लगाए थे गंभीर आरोप
‘भोजपुरी बवाल’ के शुरुआती एपिसोड में काजल राघवानी ने भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री में कथित भेदभाव और पसंदीदा कलाकारों को ज्यादा मौके मिलने को लेकर बात की थी। उन्होंने आम्रपाली से सवाल किया था कि क्या वह उनसे असुरक्षित महसूस करती हैं। इसके बाद काजल ने ‘आशिक आवारा’ का उदाहरण देते हुए दावा किया था कि फिल्म में एक गाना पहले उनके साथ शूट किया जाना था, लेकिन बाद में उसे आम्रपाली और निरहुआ पर फिल्माया गया। हालांकि, निरहुआ और आम्रपाली ने इन आरोपों को गलत बताया था।
भोजपुरी इंडस्ट्री में फेवरेटिज्म पर भी हुई चर्चा
शो में भोजपुरी सिनेमा में फेवरेटिज्म को लेकर भी चर्चा हुई। काजल राघवानी और रानी चटर्जी ने कथित तौर पर कहा कि इंडस्ट्री में कई बार हीरो की पसंद को ज्यादा महत्व मिलता है और कलाकार अपनी पसंद की हीरोइन के साथ बार-बार काम करते हैं। अब ‘भोजपुरी बवाल’ के नए एपिसोड में पुराने आरोपों पर हुई यह बहस दर्शकों का ध्यान खींच रही है। खासतौर पर प्रोड्यूसर प्रेम जी की सफाई और काजल की भावुक प्रतिक्रिया के बाद शो के अगले एपिसोड को लेकर उत्सुकता बढ़ गई है।