नोरा फतेही का सबसे अश्लील गाना ‘सरके चुनर’ विवाद  पहुँचा संसद, गाने के गंदे बोल पर खूब हंगामा

यह गाना कन्नड़ फिल्म KD: The Devil का हिस्सा है। रिलीज होते ही गाने को लेकर सोशल मीडिया पर भारी विरोध शुरू हो गया।

Nora Fatehi controversy- फोटो : news4nation

Nora Fatehi controversy : बॉलीवुड अभिनेत्री नोरा फतेही और अभिनेता संजय दत्त के नए गाने ‘सरके चुनर’ को लेकर उठा विवाद अब संसद तक पहुंच गया है। बुधवार को केंद्र सरकार ने इस गाने पर कड़ा रुख अपनाते हुए इसके प्रसारण पर प्रतिबंध लगाने की घोषणा की। सदन में समाजवादी पार्टी के सांसद आनंद भदौरिया के सवाल का जवाब देते हुए सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पूर्ण नहीं है और इसे सामाजिक व सांस्कृतिक मर्यादाओं के दायरे में रहकर ही इस्तेमाल किया जाना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि ‘उचित प्रतिबंधों’ के तहत इस गाने पर रोक लगा दी गई है।


दरअसल, यह गाना कन्नड़ फिल्म KD: The Devil का हिस्सा है। रिलीज होते ही गाने को लेकर सोशल मीडिया पर भारी विरोध शुरू हो गया। दर्शकों और आलोचकों ने इसके बोलों को “अश्लील” और दृश्यों को “भड़काऊ” बताया। विवाद बढ़ने के बाद गाने का हिंदी वर्जन YouTube से हटा लिया गया, हालांकि अन्य भाषाओं—कन्नड़, तमिल, तेलुगु और मलयालम—में इसके वर्जन अब भी उपलब्ध हैं।


गीतकार रकीब आलम ने इस विवाद से खुद को अलग करते हुए कहा कि उन्होंने केवल मूल कन्नड़ बोलों का अनुवाद किया था, जिन्हें फिल्म के निर्देशक प्रेम ने लिखा था। उन्होंने यह भी दावा किया कि उन्होंने पहले ही ऐसे बोलों को लेकर आपत्ति जताई थी और सेंसर से पास न होने की आशंका व्यक्त की थी। इधर, इस मामले में कानूनी मोर्चा भी खुल गया है। एडवोकेट विनीत जिंदल ने गाने के खिलाफ शिकायत दर्ज कराते हुए इसे सार्वजनिक शालीनता के खिलाफ बताया है।


वहीं, भाजपा सांसद रवि किशन और अभिनेत्री-राजनेता कंगना रनौत समेत कई हस्तियों ने भी गाने की आलोचना की है और अश्लील सामग्री पर सख्त नियंत्रण की मांग की है। गायक अरमान मलिक ने भी गानों के गिरते स्तर पर चिंता जताई। फिलहाल, फिल्म की टीम विवाद को शांत करने में जुटी है। जानकारी के अनुसार, मेकर्स अब गाने का एक ‘क्लीन वर्जन’ तैयार कर रहे हैं, जिसे माफीनामे के साथ जल्द जारी किया जा सकता है। फिल्म 30 अप्रैल को रिलीज होने वाली है।