इस गाने ने बढ़ाई रैपर बादशाह की मुश्किलें, पुलिस ने जारी किया लुकआउट नोटिस की तैयारी, देश छोड़कर भागने पर लगी रोक!
रैपर बादशाह के 'टटीरी' गाने में अश्लीलता और नाबालिगों के गलत चित्रण पर हरियाणा पुलिस ने FIR दर्ज की है। गायक की गिरफ्तारी के लिए टीमें रवाना की गई हैं और लुकआउट नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
N4N desk - मशहूर रैपर आदित्य प्रतीक सिंह सिसोदिया उर्फ बादशाह की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। उनके हालिया रिलीज हुए विवादित गीत 'टटीरी' को लेकर हरियाणा की पंचकूला पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया है। पुलिस ने न केवल इस मामले में प्राथमिकी (FIR) दर्ज की है, बल्कि गायक की गिरफ्तारी के लिए दबिश देना भी शुरू कर दिया है। प्रशासन अब बादशाह के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी करने की प्रक्रिया में है, ताकि वे देश छोड़कर बाहर न जा सकें।
शिक्षा के माहौल को बिगाड़ने का गंभीर आरोप
पुलिस के अनुसार, इस गाने के वीडियो में शिक्षा और स्कूलों के प्रति बेहद नकारात्मक नजरिया पेश किया गया है। वीडियो में स्कूल यूनिफॉर्म पहने नाबालिग बच्चियों को अपना स्कूल बैग फेंकते और पढ़ाई से दूर भागते हुए दिखाया गया है। साथ ही, गाने में 'बादशाला' जैसे शब्दों का उपयोग कर शिक्षण संस्थानों के माहौल को गलत तरीके से पेश करने की कोशिश की गई है। पुलिस का मानना है कि इस तरह का चित्रण समाज और बच्चों के मानस पर बुरा प्रभाव डालता है।
महिलाओं के प्रति अभद्र भाषा और सरकारी संपत्ति का दुरुपयोग
गाने के बोल में महिलाओं और लड़कियों के प्रति आपत्तिजनक, अशोभनीय और अश्लील शब्दों का भारी इस्तेमाल पाया गया है। इसके अलावा, जांच में यह भी सामने आया है कि वीडियो की शूटिंग के दौरान जींद डिपो की हरियाणा रोडवेज बस और एक सरकारी स्कूल परिसर का उपयोग किया गया है। पुलिस अब इस बात की गहनता से जांच कर रही है कि क्या इन सरकारी संपत्तियों के उपयोग के लिए सक्षम प्राधिकारी से लिखित अनुमति ली गई थी। अनुमति न होने की स्थिति में संबंधित लोगों के खिलाफ धारा 120-बी के तहत मामला दर्ज किया जाएगा।
यूट्यूब से हटाया गया गाना, डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर नोटिस
पंचकूला पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते बादशाह के आधिकारिक यूट्यूब चैनल से इस विवादित गीत को तत्काल प्रभाव से 'टेकडाउन' करवा दिया गया है। इसके साथ ही, अन्य म्यूजिक स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म्स और सोशल मीडिया हैंडल्स को भी नोटिस जारी किए गए हैं ताकि इस आपत्तिजनक वीडियो के प्रसार को पूरी तरह रोका जा सके। पुलिस की टीमें डिजिटल फुटप्रिंट्स के जरिए इस गाने से जुड़ी रील्स और शॉर्ट वीडियो को भी हटवाने का प्रयास कर रही हैं।
गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित, रील बनाने वालों को चेतावनी
पंचकूला पुलिस ने बादशाह को तत्काल पेश होने के लिए विधिवत नोटिस जारी कर दिया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए कई विशेष टीमों का गठन किया गया है। पुलिस ने यह भी स्पष्ट कर दिया है कि इस विवादित गाने पर रील बनाने या इसे साझा कर आपत्तिजनक सामग्री फैलाने वाले आम सोशल मीडिया यूजर्स के खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामले की निष्पक्ष और गहन जांच के बाद पुलिस अब अगले कड़े कदम उठाने की तैयारी में है।