Telugu actor Death: फिल्म जगत में दौड़ी शोक की लहर! इस युवा एक्टर की सड़क हादसे में हुई मौत, जानें पूरी बात

Telugu actor Death: तेलुगू अभिनेता और यूट्यूबर भरत कांत की हैदराबाद में सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसे में उनके कैमरामैन त्रिलोक की भी जान चली गई।

हैदराबाद में सड़क हादसे में मौत हो गई- फोटो : social media

Telugu actor Death:  हैदराबाद से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। तेलुगू फिल्मों के अभिनेता और यूट्यूबर भरत कांत की एक सड़क हादसे में मौत हो गई। इस हादसे में उनके साथ मौजूद कैमरामैन त्रिलोक की भी जान चली गई। यह दुर्घटना रविवार तड़के हैदराबाद के आउटर रिंग रोड (ORR) पर बोंगुलुरु इलाके में हुई।

पुलिस के मुताबिक, भरत कांत और त्रिलोक आंध्र प्रदेश के नेल्लोर जिले से हैदराबाद लौट रहे थे। दोनों ने शनिवार रात यात्रा शुरू की थी। तड़के करीब 3:20 बजे उन्होंने पेद्दाम्बरपेट से ORR पर एंट्री ली और शमशाबाद की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान उनकी कार एक ट्रक के पीछे जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में भरत कांत और त्रिलोक की मौके पर ही मौत हो गई। घटनास्थल की तस्वीरें और वीडियो बेहद दर्दनाक बताए जा रहे हैं।

मृतकों की पहचान कैसे हुई?

आदिबाटला पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान उनके मोबाइल फोन और कार के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर की गई। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही से ड्राइविंग को हादसे की वजह माना जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। भरत कांत तेलुगू फिल्म इंडस्ट्री में धीरे-धीरे अपनी पहचान बना रहे थे। वह अभिनेता होने के साथ-साथ डांसर, यूट्यूबर और कंटेंट क्रिएटर भी थे। करीब 10 साल पहले वह अपने करियर के लिए हैदराबाद आए थे। सोशल मीडिया पर भी उनकी अच्छी फैन फॉलोइंग थी। इंस्टाग्राम पर उनके लगभग 40 हजार फॉलोअर्स और यूट्यूब पर करीब 30 हजार सब्सक्राइबर थे। उन्होंने तेलुगू फिल्मों और शॉर्ट फिल्मों में काम किया था। उनकी चर्चित फिल्मों में ‘टेनेंट’ और ‘ग्रामम’ शामिल हैं। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए गांधी अस्पताल भेज दिया है। प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिवार को सौंप दिए जाएंगे।