Tusshar Kapoor threat: तुषार कपूर से 5 करोड़ की रंगदारी मांगने का मामला, लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर मिली धमकी

Tusshar Kapoor threat: अभिनेता तुषार कपूर से लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर 5 करोड़ रुपये की फिरौती मांगने का मामला सामने आया है। मुंबई पुलिस को कॉल फर्जी होने का शक है और जांच जारी है।

Tusshar Kapoor threat: बॉलीवुड अभिनेता तुषार कपूर को धमकी भरा फोन आने का मामला सामने आया है। फोन करने वाले व्यक्ति ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य हैरी बॉक्सर बताया और अभिनेता से 5 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी। न्यूज एजेंसी IANS के मुताबिक, तुषार कपूर ने इसकी जानकारी मुंबई पुलिस को दी। इसके बाद मामले की जांच एंटी-एक्सटॉर्शन सेल और क्राइम ब्रांच को सौंप दी गई।


आवाज का मिलान करने पर पुलिस को हुआ शक


क्राइम ब्रांच की टीम ने धमकी भरे कॉल की रिकॉर्डिंग की जांच की। इसके बाद कॉल में सुनाई देने वाली आवाज का कथित तौर पर हैरी बॉक्सर की आवाज से मिलान किया गया। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के मुताबिक, दोनों आवाजें अलग थीं। इसके आधार पर पुलिस को शक है कि यह फर्जी कॉल हो सकता है। आशंका है कि किसी ने लॉरेंस बिश्नोई गैंग का नाम लेकर तुषार कपूर को डराने और उनसे पैसे वसूलने की कोशिश की है।


धमकी भरी ऑडियो भेजने वाले की तलाश


फिलहाल मुंबई पुलिस उस व्यक्ति की पहचान करने में जुटी है, जिसने धमकी भरी कॉल की ऑडियो रिकॉर्डिंग भेजी थी। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, जांच टीम यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कॉल किसने किया और इसके पीछे उसका क्या मकसद था। मामले की जांच जारी है।


कौन है हैरी बॉक्सर?


हैरी बॉक्सर का असली नाम हरि चंद जाट बताया जाता है। वह राजस्थान के अलवर जिले का रहने वाला है। बताया जाता है कि अपराध की दुनिया में आने से पहले वह बॉक्सिंग करता था और जयपुर में कोच के तौर पर भी काम कर चुका है। इसी वजह से उसे 'बॉक्सर' नाम मिला। पुलिस के मुताबिक, हैरी बॉक्सर लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा हुआ है। उसके खिलाफ फिरौती मांगने, लूट और हत्या की कोशिश जैसे कई मामले दर्ज हैं। उसका नाम पहले भी कुछ चर्चित मामलों में सामने आया है। इनमें कनाडा में कॉमेडियन कपिल शर्मा के कैफे पर हुई फायरिंग और अभिनेता रणवीर सिंह को कथित धमकी देने का मामला शामिल है।


'गोलमाल 5' में नजर आएंगे तुषार कपूर


फिल्मों की बात करें तो तुषार कपूर जल्द ही 'गोलमाल 5' में दिखाई देंगे। फिल्म में अजय देवगन, अरशद वारसी, श्रेयस तलपड़े और कुणाल खेमू अपने पुराने किरदारों में वापसी करेंगे। इस बार फ्रैंचाइजी में अक्षय कुमार की भी एंट्री हुई है।