बड़ी खबर: टल सकता है 'धुरंधर 2' बनाम 'टॉक्सिक' का महा-मुकाबला!, जाने किस फिल्म की टल सकती है रिलीज

भारतीय सिनेमा के इतिहास का सबसे बड़ा महा-मुकाबला टलने की कगार पर है! 19 मार्च को होने वाली रणवीर सिंह की 'धुरंधर 2' और यश स्टारर 'टॉक्सिक' की टक्कर अब ठंडी पड़ती दिख रही है।

N4N Desk - : इस साल मार्च महीने में बॉक्स ऑफिस पर जिस सबसे बड़ी भिड़ंत का इंतजार था, वह अब टलती नजर आ रही है। रणवीर सिंह की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'धुरंधर 2' और 'KGF' फेम यश की 'टॉक्सिक' दोनों ही 19 मार्च को रिलीज होने वाली थीं। लेकिन ताजा रिपोर्ट्स के अनुसार, यश की फिल्म 'टॉक्सिक' की रिलीज डेट पोस्टपोन हो सकती है। ट्रेड एनालिस्ट पहले ही चेतावनी दे चुके थे कि एक ही दिन दो बड़ी फिल्मों के आने से करोड़ों का नुकसान तय है।

ओवरसीज मार्केट और 'हेल मैरी' का दबाव  

'टॉक्सिक' को आगे बढ़ाने के पीछे एक बड़ी वजह अंतरराष्ट्रीय बाजार बताई जा रही है। 20 मार्च को हॉलीवुड फिल्म 'हेल मैरी' रिलीज हो रही है, जिसे विदेशों में 80:20 के अनुपात में स्क्रीन मिल रही हैं। चूंकि 'टॉक्सिक' को कन्नड़ के साथ इंग्लिश में भी शूट किया गया था ताकि विदेशी दर्शकों को साधा जा सके, लेकिन वहां स्क्रीन न मिलने की वजह से फिल्म की कमाई पर गहरा असर पड़ सकता है।

धुरंधर 2 का 'नॉर्थ' से 'साउथ' तक दबदबा

 रणवीर सिंह की 'धुरंधर 2' एक ब्लॉकबस्टर सीक्वल है, जिसका क्रेज पूरे देश में दिख रहा है। प्रदर्शकों (Exhibitors) ने पहले दोनों फिल्मों को बराबर स्क्रीन देने का वादा किया था, लेकिन अब उत्तर भारत के साथ-साथ कर्नाटक में भी 'धुरंधर 2' को प्राथमिकता दी जा रही है। सिंगल स्क्रीन थिएटर्स में डिस्ट्रीब्यूटर्स रणवीर की फिल्म को ज्यादा तवज्जो दे रहे हैं, जिससे 'टॉक्सिक' के पास रास्ते कम बचे हैं।

बजट का जोखिम और स्ट्रेटजी की कमी 

 'टॉक्सिक' का बजट 600 करोड़ रुपये से अधिक बताया जा रहा है। इतने भारी निवेश के बाद मेकर्स कोई भी रिस्क लेने की स्थिति में नहीं हैं। सूत्रों का कहना है कि फिल्म को इंग्लिश में रिलीज करने के लिए अभी तक कोई ठोस डिस्ट्रीब्यूशन स्ट्रेटजी तैयार नहीं हो पाई है। इसके साथ ही टीजर को लेकर हुए हालिया विवाद ने भी टीम की मुश्किलें बढ़ाई हैं, जिसके चलते ट्रेलर को अब तक फाइनल नहीं किया जा सका है।

आधिकारिक पुष्टि का इंतजार 

हालांकि अभी तक 'टॉक्सिक' की टीम या यश की ओर से रिलीज डेट टालने को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन ट्रेड सर्किल में हलचल तेज है। अगर यह फिल्म पीछे हटती है, तो रणवीर सिंह की 'धुरंधर 2' को होली के मौके पर सोलो रिलीज का जबरदस्त फायदा मिल सकता है। 

फिलहाल, फैंस को आधिकारिक बयान का इंतजार है कि क्या 'रॉकिंग स्टार' यश इस बड़ी टक्कर के लिए तैयार हैं या अपनी रणनीति बदलेंगे।